भारत-ए बनाम ऑस्ट्रेलिया-ए: इकाना स्टेडियम में 16 सितंबर से शुरू होगी चार दिवसीय टेस्ट सीरीज
लखनऊ डेस्क (प्रत्यूष पाण्डेय)। लखनऊ का इकाना इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम 16 सितंबर 2025 से भारत-ए और ऑस्ट्रेलिया-ए के बीच होने वाली चार दिवसीय अनौपचारिक टेस्ट सीरीज का गवाह बनेगा। पहला मुकाबला 16 से 19 सितंबर तक और दूसरा 23 से 26 सितंबर तक खेला जाएगा। यह सीरीज युवा खिलाड़ियों के लिए मुख्य भारतीय टीम में जगह बनाने का सुनहरा मौका मानी जा रही है।
कोचों के बयान
मैच से पहले भारतीय टीम के हेड कोच ऋषिकेश कनितकर ने कहा,"हम केवल स्पिन पर निर्भर नहीं हैं। हमारे तेज गेंदबाज भी दमदार हैं और बल्लेबाजी लाइनअप मजबूत है। मौसम एक अहम कारक होगा, इसलिए पिच की स्थिति का आकलन टॉस के समय ही हो पाएगा।"
दूसरी ओर ऑस्ट्रेलिया-ए के हेड कोच और पूर्व कप्तान टिम पेन ने भारतीय खिलाड़ियों की तारीफ करते हुए कहा कि, "इंग्लैंड दौरे पर भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन किया है। हमारे सामने चुनौती कठिन जरूर होगी लेकिन रोमांचक भी। हमारी टीम युवा है और आक्रामक क्रिकेट खेलने पर फोकस करेगी। इस सीरीज का प्रदर्शन एशेज के चयन पर भी असर डाल सकता है।"
भारतीय टीम (भारत-ए)
श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिमन्यु ईश्वरन, नारायण जगदीशन (विकेटकीपर), साई सुदर्शन, ध्रुव जुरेल (उपकप्तान, विकेटकीपर), देवदत्त पडिक्कल, हर्ष दुबे, आयुष बदोनी, नीतीश कुमार रेड्डी, तनुश कोटियन, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर ब्रार, खलील अहमद, मनव सुथार, यश ठाकुर। दूसरे टेस्ट में केएल राहुल और मोहम्मद सिराज शामिल होंगे।
ऑस्ट्रेलियाई टीम (ऑस्ट्रेलिया-ए)
सैम कोनस्टास, नाथन मैकस्वीनी, कूपर कोनोली, टॉड मर्फी, बेक स्पेंसर, जॉन कार्टर, मैथ्यू ग्रीन, जैक होसिंग, ओलिवर डेविस, जेसी ताश, ब्रेडमैन शाहबाज, जे मॉरिसन, टॉम बैनवेल, जे हॉवेल। एरोन हार्डी चोट के कारण बाहर हैं, उनकी जगह दूसरे मैच में विल सदरलैंड खेलेंगे।
खास नजरें
श्रेयस अय्यर की कप्तानी और बल्लेबाजी पर सभी की निगाहें टिकी होंगी। माना जा रहा है कि यही सीरीज उनके करियर और भारतीय टीम की भविष्य की कप्तानी की दिशा तय कर सकती है। क्रिकेट प्रेमियों के लिए यह सीरीज न सिर्फ रोमांचक होगी बल्कि उभरते खिलाड़ियों के करियर का टर्निंग प्वाइंट भी साबित हो सकती है।
