राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में आयोजित होगा “भारत इन्नोवेट्स-2026

विद्यार्थियों को नवाचार की अंतरराष्ट्रीय दिशा देगा भारत इन्नोवेट्स 2026 : डॉ. दिनेश कुमार
 
jopo

लखनऊ। समग्र शिक्षा माध्यमिक उत्तर प्रदेश के राज्य परियोजना निदेशक कार्यालय द्वारा लखनऊ मंडल के सभी राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में “भारत इन्नोवेट्स-2026” कार्यक्रम आयोजित किए जाने के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

लखनऊ मंडल के विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि “भारत इन्नोवेट्स-2026” उच्च शिक्षा विभाग की एक राष्ट्रीय पहल है, जिसकी घोषणा भारत के प्रधानमंत्री द्वारा 17 फरवरी 2026 को फ्रांस के राष्ट्रपति की उपस्थिति में भारत-फ्रांस नवाचार वर्ष के उद्घाटन अवसर पर की गई थी।

उन्होंने बताया कि यह अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम 14 से 16 जून 2026 तक फ्रांस में आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य भारत को “वर्ल्ड इन्नोवेशन पार्टनर” के रूप में स्थापित करते हुए देश की उन्नत प्रौद्योगिकी, स्टार्टअप इकोसिस्टम और नई पीढ़ी के नवाचारों को वैश्विक मंच प्रदान करना है।

डॉ. दिनेश कुमार ने कहा कि भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय ने इस अभियान में राजकीय माध्यमिक विद्यालयों को भी शामिल करने का निर्णय लिया है। इसके तहत मई 2026 में सभी राजकीय विद्यालयों में शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं की सहभागिता से विभिन्न नवाचार आधारित गतिविधियां आयोजित कराई जाएंगी।

kopo0

इन गतिविधियों में—

  • विकसित भारत के नवाचार परिदृश्य पर संगोष्ठी
  • “डीप टेक्नोलॉजी का परिचय” विषय पर विशेष कक्षा
  • “भारत क्विज़ – भारत के नवाचार को कौन जानता है?”
  • निबंध लेखन प्रतियोगिता

जैसी गतिविधियां शामिल हैं।

निर्देशों के अनुसार सभी राजकीय एवं सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में ग्रीष्मावकाश से पूर्व इन गतिविधियों में से कम से कम एक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा ग्रीष्मावकाश के दौरान विद्यार्थियों को परियोजना कार्य भी दिए जाएंगे, जिनका बाद में प्रस्तुतीकरण, प्रदर्शनी एवं प्रतियोगिताओं के माध्यम से मूल्यांकन किया जाएगा।

up0

विद्यालयों में आयोजित गतिविधियों से संबंधित शॉर्ट वीडियो और रील्स सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर “भारत इन्नोवेट्स 2026” हैंडल @BharatInnovates2026 पर साझा किए जाएंगे। साथ ही स्थानीय स्वयंसेवी संस्थाओं से भी कार्यक्रम के सफल संचालन में सहयोग लिया जाएगा। इस संबंध में डॉ. प्रदीप कुमार सिंह, संयुक्त शिक्षा निदेशक लखनऊ मंडल द्वारा लखनऊ, हरदोई, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, उन्नाव और रायबरेली के जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालयों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

Tags