दो साल में भारत बनेगा दुनिया की तीसरी अर्थव्यवस्था:राजनाथ सिंह
छावनी परिषद लखनऊ के विस्थापित नागरिकों को प्रधानमंत्री आवास योजना के अन्तर्गत रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के द्वारा आवास आवंटन
लखनऊ उत्तर, क्षेत्र के प्रबुद्ध जन संवाद में बोले रक्षामंत्री
आज भारत की सैन्य शक्ति बढ़ी है
पी०ओ०के० के लोग खुद बोलेंगे कि हमें भारत में मिलाया जाय

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के द्वारा छावनी परिषद, लखनऊ के 17 विस्थापित परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लखनऊ विकास प्राधिकरण के द्वारा आवंटित फ्लैट्स की चाभी प्रदान की गई, जो कि गत 70 वर्षों से अनाधिकृत रूप से रक्षा भूमि पर निवास कर रहे थे। इस योजना से लगभग 100 लोगों को लाभ मिलेगा इस अवसर पर बृजेश पाठक , उपयमुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार, विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा, महानगर अध्यक्ष आनन्द द्विवेदी, सांसद प्रतिनिधि दिवाकर त्रिपाठी, रक्षामंत्री के निजी सचिव अमित किशोर, रक्षा मंत्री के ओ.एस.डी. के०पी० सिंह, रक्षामंत्री के पी.आर.ओ. राघवेन्द्र शुक्ला, कैंटोनमेंट बोड के सी.ई.ओ. अभिषेक राठौर, लखनऊ डेवलपमेंट अथॉरिटी के वी.सी. पृथमेश कुमार, लखनऊ डेवलपमेंट अथॉरिटी के सदस्य श्री पुष्कर शुक्ला भी उपस्थित रहें।
इसके पश्चात महर्षि विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित लखनऊ उत्तर मण्डल 4 के प्रबुद्ध जनों के साथ आयोजित संवाद कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए रक्षामंत्री जी ने कहा कि 11 साल पहले भारत में केवल दो फैक्ट्रियों मोबाइल बनाती थीं आज 270 निर्माण इकाईयां काम कर रही हैं। डिजिटल लेनदेन में भारत दुनिया में पहले स्थान पर है। रक्षा मामलों में स्थिति यह थी कि छोटे छोटे कल पुर्जे भी बाहर से मंगाने पड़ते थे और छः सौ करोड़ का सामान निर्यात होता था तो कहा जाता था कि बड़ा निर्यात हो रहा है। उन्होंने कहा कि आज हम 24 हजार करोड़ का आयुध निर्यात कर रहे हैं और वर्ष 2029 तक यह पचास हजार करोड़ तक पहुंचायेगें।
रक्षामंत्री एवं लखनऊ के सांसद श्री राजनाथ सिंह ने कहा कि हमारी सरकार ने करिश्माई काम किया है। दुनिया में धारणा थी कि भारत गरीबों का देश है। अब यह धारणा बदली है। अगले दो वर्षों में भारत विश्व की तीसरी अर्थव्यवस्था बनेगा।
जनसंवाद के खुले मंच पर पीओके को भारत में मिलाने की मांग उठी। कहा गया कि मुस्लिम लीग ने पाकिस्तान बनाने की मांग लखनऊ से ही उठाई थी और आज वह समय आ गया है कि पीओके को भारत में मिलाया जाय। रक्षामंत्री ने कहा कि पीओके के लोग खुद बोलेंगे कि हमें भारत में मिलाया जाय।
और मुझे विश्वास है कि वह दिन जल्द आयेगा। उन्होंने कहा कि आज भारत की सैन्य ताकत बढ़ी है। लखनऊ में बना ब्रम्होस मिसाइल न केवल भारत में अपितु दुनिया भर में निर्यात होगा, जिसका उद्घाटन 11 मई को होने जा रहा है। लखनऊ ने तीसरी बार मुझे सांसद चुना और 11 वर्षों से लगातार गृह मंत्री और रक्षामंत्री के दायित्व निभा रहे हैं। देश के साथ-साथ विदेश भी रहना पड़ता है। उन्होंने कहा कि सारी व्यस्तताओं के बावजूद लखनऊ के लिए जो भी कर पाया हूँ वह सबकी शुभकामनाओं से हुआ है और उसका पूरा श्रेय सबको जाता है।
संवाद कार्यक्रम में केशव नगर में सड़क निर्माण की मांग पर रक्षामंत्री ने विधायक डा० नीरज बोरा को सड़क बनवाने का निर्देश दिया। क्षेत्र में एक राजकीय डिग्री कालेज की मांग की। विधायक डा० बोरा की प्रशंसा करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि वे जब भी उनसे मिलते हैं तो क्षेत्र की समस्या लेकर ही मिलते हैं। मैं इन्हें देखकर समझ जाता हूँ कि समस्या आ रही है। उनका समाधान भी होता है।
जनसंवाद कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए विधायक डा० नीरज बोरा ने कहा कि उत्तर मण्डल चार में आने वाले फैजुल्लागंज के चार वार्डों में अधिकांश क्षेत्र कच्चा था। आज लगभग सत्तर प्रतिशत सड़कें पक्की हो गयी है बांस बल्ली हटाकर पक्के खम्मे और एबीसी वायर लगे हैं। दाउदनगर में बिजली घर बना, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र खुला। पचास बेड का हास्पिटल निर्माणाधीन है। नौ कि.मी. लम्बा पक्का गहरा नाला बन रहा है। हार्डिंग ब्रिज के बगल में नया पुल, फैजुल्लागंज को पुराना लखनऊ से जोड़ने वाले पाण्टून सेतु के स्थान पर पक्का पुल बनाने का काम शुरू हो रहा है। ग्रीन कारीडोर बन रहा है। दाउदनगर में कल्याण मण्डप बन रहा है। जानकीपुरम के सेक्टर एफ में सीनियर सिटीजन डे-केयर तथा जानकीपुरम विस्तार में बड़ा पुस्तकालय बन रहा है। इंजीनियरिंग कॉलेज पर स्वीकृत ओवर ब्रिज, सहारा स्टेट हेतु अण्डरपास का प्रावधान हम लोगों के लिए बड़ी सौगात है। विधायक डा० नीरज बोरा ने रक्षामंत्री के प्रति लखनऊ के चतुर्मुखी विकास के लिए कृतज्ञता व्यक्त की।
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि पहले फैजुल्लागंज संक्रामक बीमारियों की चपेट में बना रहता था। प्रदेश सरकार ने संचारी रोग अभियान की शुरुआत लखनऊ उत्तर क्षेत्र से की कहा कि संचारी रोगों को कम करने में सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि राजनाथ सिंह के आशीर्वाद से लखनऊ में आज वह सारी सुविधाएँ मुहैया हो रही हैं जो दुनिया के बड़े शहरों में देखी जाती हैं।
उपर्युक्त कार्यक्रम के पश्चात मा० रक्षामंत्री जी ने पद्मविभूषण स्व० विन्देश्वर पाठक की मूर्ति का सेक्टर-सी, अलीगंज के पार्क में अनावरण किया एवं उनके द्वारा चलाये गये स्वच्छता अभियान व शुलम शौचालयों के निर्माण में उनके योगदान की सराहना की।
रक्षामंत्री ने महापौर सुषमा खर्कवाल के निवास पर जाकर उनका हालचाल लिया। जिनका गत दिवस गिरने के कारण पैर की हड्डी टूट गयी थी। रक्षामंत्री ने उनको आराम करने की सलाह दी।
उल्लेखनीय है कि अपरान्ह में रक्षामंत्री से उत्तर प्रदेश शासन के वरिष्ठ अधिकारीगण एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के साथ-साथ कई प्रतिनिधि मण्डल एवं व्यवसायीगणों से भी भेंट की।
इसके पश्चात पूर्वी विधानसभा के मण्डल-1 में इरम कॉलेज, इन्दिरा नगर में रक्षामंत्री एवं उप मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया। रक्षामंत्री ने पार्षदों, मण्डल अध्यक्षों एवं कार्यकर्ताओं के साथ साथ प्रबुद्ध जनों से सीधा संवाद किया। रक्षामंत्री के कार्यों की लोगों ने भूरि-भूरि प्रशंसा की।
तत्पश्चात उन्होंने पूर्व महापौर संयुक्ता भाटिया के निवास श्रंगार नगर स्थित आवास पर पहुंचकर उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। इसके पश्चात राजनाथ सिंह ने महानगर उपाध्यक्ष अशोक तिवारी के आवास पर जाकर उनकी माता जी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
उपर्युक्त सभी कार्यक्रमों एवं जनसंवाद में उप-मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, एमएलसी मुकेश शर्मा, रामचन्द्र प्रधान, विधायकगण डा० नीरज बोरा, ओ०पी० श्रीवास्तव, सांसद प्रतिनिधि दिवाकर त्रिपाठी, जनसंपर्क अधिकारी डॉ० राघवेन्द्र शुक्ल, महामंत्री पुष्कर शुक्ला, त्रिलोक सिंह अधिकारी, मीडिया प्रभारी प्रवीण गर्ग, घनश्याम अग्रवाल, शैलेन्द्र शर्मा अटल, क्षेत्रीय पार्षदगण, मण्डल अध्यक्ष एवं वरिष्ठ व वर्तमान भाजपा कार्यकर्ता, हजारों की संख्या में प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।