India women vs sri lanka women asia cup 2026 : भारत ने श्रीलंका को 72 रन से हराकर जीता खिताब, 8वीं बार बनी चैंपियन
India Women vs Sri Lanka Women, Final, Women's Asia Cup 2026 - भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला टी20 एशिया कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने श्रीलंका महिला टीम को 72 रन से शिकस्त दी। इसके साथ ही टीम इंडिया ने रिकॉर्ड आठवीं बार महिला एशिया कप की ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट पर 183 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और पूरी टीम 20 ओवर में 111 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
शेफाली और स्मृति ने दिलाई भारत को शानदार शुरुआत
टॉस जीतकर भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। ओपनिंग करने उतरी शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने इस फैसले को सही साबित करते हुए पहले विकेट के लिए 129 रन की शानदार साझेदारी की। शेफाली ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए महज 39 गेंदों पर 68 रन बनाए। उनकी पारी में 9 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। वहीं स्मृति मंधाना ने भी 39 गेंदों में 59 रन की बेहतरीन पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 3 छक्के शामिल थे।
शुरुआती साझेदारी के दम पर भारत बड़े स्कोर की ओर बढ़ रहा था, लेकिन शेफाली के आउट होते ही भारतीय पारी की रफ्तार कुछ धीमी पड़ गई। भारत ने इसके बाद 54 रन के भीतर अपने चार विकेट गंवा दिए। ऋचा घोष ने 17, कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 14 रन बनाए, जबकि जी. कमालिनी 15 रन बनाकर नाबाद रहीं।श्रीलंका की ओर से मिताली अयोध्या, चमारी अट्टापट्टू और चामुदी प्रबोदा ने एक-एक विकेट हासिल किया।
भारतीय गेंदबाजों ने श्रीलंका की उम्मीदों पर फेरा पानी
184 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम को केवल 4 रन के स्कोर पर पहला झटका लगा। इसके बाद कप्तान चमारी अट्टापट्टू और विश्मी गुनारत्ने ने पारी को संभालने की कोशिश की और दूसरे विकेट के लिए 58 रन जोड़े।
अट्टापट्टू ने 32 गेंदों पर 36 रन बनाए, लेकिन उनके आउट होते ही श्रीलंका की पारी बिखरने लगी। विश्मी गुनारत्ने ने 20 और नीलाक्षी सिल्वा ने 22 रन का योगदान दिया, लेकिन अन्य बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों का सामना नहीं कर सकीं।भारत की ओर से श्री चरनी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट झटके और श्रीलंका की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। भारतीय गेंदबाजों के लगातार दबाव के सामने श्रीलंकाई टीम 111 रन पर सिमट गई।
भारत ने आठवीं बार जीता महिला एशिया कप
फाइनल में 72 रन की बड़ी जीत के साथ भारतीय महिला टीम ने एक बार फिर एशिया क्रिकेट में अपनी बादशाहत साबित की। भारत का यह महिला एशिया कप में आठवां खिताब है। टीम की बल्लेबाजों ने मजबूत स्कोर खड़ा किया और गेंदबाजों ने लक्ष्य का बचाव करते हुए श्रीलंका को पूरी तरह दबाव में रखा।इस तरह भारतीय महिला टीम ने पूरे टूर्नामेंट के शानदार अभियान का अंत खिताबी जीत के साथ किया और ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
