India Women Squad World Cup : भारतीय महिला क्रिकेट टीम का ऐलान
India Women Squad World Cup : भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर और चीफ सेलेक्टर नीतू डेविड की मौजूदगी में महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 के लिए टीम की घोषणा की गई। इस बार टूर्नामेंट की मेजबानी भारत कर रहा है और मुकाबले 30 सितंबर से 2 नवंबर तक खेले जाएंगे। खास बात यह है कि पाकिस्तान अपने सभी मैच श्रीलंका के कोलंबो में खेलेगा।
फिटनेस हासिल कर चुकीं तेज गेंदबाज रेणुका ठाकुर और युवा बल्लेबाज प्रतीका रावल ने विश्व कप टीम में जगह बनाई है। वहीं आक्रामक सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा को इस बार मौका नहीं मिला। टूर्नामेंट का पहला मुकाबला भारत और श्रीलंका के बीच होगा।
रावल को मिली तरजीह, शेफाली बाहर
चयनकर्ताओं ने 14 सितंबर से शुरू होने वाली ऑस्ट्रेलिया सीरीज़ के लिए भी इसी टीम को लगभग बरकरार रखा है। रावल ने अपने अब तक खेले 14 वनडे मैचों में शानदार प्रदर्शन किया है, इसी कारण उन्हें शेफाली पर प्राथमिकता दी गई।
चीफ सेलेक्टर नीतू डेविड ने कहा,सलामी बल्लेबाज के तौर पर शेफाली का नाम भी विचार में था, लेकिन फिलहाल रावल को वरीयता दी गई है। शेफाली हमारी योजनाओं का हिस्सा बनी हुई हैं। हम चाहते हैं कि वह ज्यादा मैच खेलें, अनुभव हासिल करें और भविष्य में 50 ओवर प्रारूप में भारत की बड़ी ताकत बनें।"
रेणुका ठाकुर की वापसी
रेणुका की चोट से वापसी पर नीतू ने कहा,रेणुका हमेशा से हमारी मुख्य गेंदबाज रही हैं। अब वह पूरी तरह फिट हैं और इस विश्व कप में अहम भूमिका निभाएंगी।"
अमनजोत कौर की फिटनेस पर नजर
कप्तान हरमनप्रीत कौर ने बताया कि अमनजोत कौर इस समय ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ में अपनी चोट से उबर रही हैं। उन्हें ऑस्ट्रेलिया सीरीज़ से आराम दिया गया है ताकि वे विश्व कप तक पूरी तरह फिट हो सकें।
नई प्रतिभा क्रांति गौड़
विश्व कप टीम में 22 वर्षीय तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ को भी शामिल किया गया है। हाल ही में इंग्लैंड दौरे पर उन्होंने एक वनडे मैच में छह विकेट झटके थे, जिससे उन्हें चयनकर्ताओं का भरोसा मिला।
स्पिन विभाग मजबूत
टीम में अनुभवी दीप्ति शर्मा, स्नेह राणा, राधा यादव और श्री चरणी स्पिन आक्रमण की जिम्मेदारी संभालेंगी। हरमनप्रीत ने कहा,हमारी स्पिनर हमेशा टीम की ताकत रही हैं। इंग्लैंड दौरे पर भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया था। यही कारण है कि हमने अधिकतर स्पिनरों को टीम में बनाए रखा है।"
भारतीय महिला क्रिकेट टीम (वनडे विश्व कप 2025)
हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उप-कप्तान), प्रतिका रावल, हरलीन देओल, दीप्ति शर्मा, जेमिमा रॉड्रिक्स, रेणुका चौधरी, अरुंधति रेड्डी, ऋचा घोष (विकेटकीपर), क्रांति गौड़, अमनजोत कौर, राधा यादव, श्री चरणी, यास्तिका भाटिया (विकेटकीपर), स्नेह राणा।
