इंडियन बैंक एवं उत्तर प्रदेश सचिवालय प्रशासन विभाग के मध्य वेतन खाता एमओयू पर हस्ताक्षर
]
इस एमओयू के तहत इंडियन बैंक द्वारा सचिवालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए वेतन खाता खोलने पर बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के व्यापक बीमा एवं वित्तीय लाभ प्रदान किए जाएंगे। बैंक द्वारा वेतन खातों के पाँच विभिन्न वेरिएंट्स उपलब्ध कराए गए हैं, जिनमें खाताधारकों को निःशुल्क बीमा कवर, जीवनसाथी का निःशुल्क बीमा, पुत्री के विवाह तथा बच्चे की उच्च शिक्षा से संबंधित विशेष बीमा एवं वित्तीय सुरक्षा लाभ सम्मिलित हैं।
इसके अतिरिक्त, वेतन खाताधारकों को व्यक्तिगत ऋण, वाहन ऋण एवं गृह ऋण पर रियायती ब्याज दरें, पात्रता के अनुसार ओवरड्राफ्ट सुविधा, निःशुल्क एटीएम/डेबिट कार्ड, इंटरनेट एवं मोबाइल बैंकिंग तथा डिजिटल भुगतान सेवाओं का लाभ भी प्रदान किया जाएगा।

समझौता ज्ञापन का आदान-प्रदान सचिवालय के नवीन भवन स्थित तिलक हॉल में उत्तर प्रदेश सचिवालय प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव श्री मनीष चौहान एवं इंडियन बैंक के कार्यपालक निदेशक श्री शिव बजरंग सिंह के मध्य किया गया। इस अवसर पर दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विशेष वेतन खाता योजना से जुड़ने के लिए प्रेरित किया और इसे आधुनिक, सुरक्षित एवं लाभकारी बैंकिंग व्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
इस अवसर पर सचिवालय प्रशासन विभाग की ओर से सचिव श्री जी. श्रीनिवासुलु, इंडियन बैंक की ओर से मुख्य महाप्रबंधक (लखनऊ) श्री सुधीर कुमार गुप्ता, अंचल प्रबंधक (लखनऊ) श्री पंकज कुमार सिंह, विभिन्न अंचल कार्यालयों के अधिकारी, सचिवालय के विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा बैंक के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।
