Indian Premier League 2026 : जानिए क्यों पहनी Gujarat Titans ने लैवेंडर जर्सी में

Indian Premier League 2026: Gujarat Titans Take the Field in Lavender Jerseys for Cancer Awareness
 
लैवेंडर जर्सी में
अहमदाबाद के Narendra Modi Stadium में 12 मई को खेले गए मुकाबले में Gujarat Titans अपनी पारंपरिक नीली और गोल्डन जर्सी की जगह लैवेंडर रंग की विशेष जर्सी में मैदान पर उतरी। यह बदलाव केवल अलग लुक के लिए नहीं, बल्कि कैंसर जागरूकता के एक खास अभियान का हिस्सा था।

गुजरात टाइटंस लगातार चौथे वर्ष कैंसर जागरूकता अभियान के समर्थन में लैवेंडर जर्सी पहन रही है। फ्रेंचाइजी ने इस पहल की शुरुआत 2023 में की थी। लैवेंडर रंग दुनियाभर में कैंसर के खिलाफ एकजुटता और समर्थन का प्रतीक माना जाता है। इस पहल का उद्देश्य कैंसर मरीजों, इस बीमारी से जंग जीत चुके लोगों और उनके परिवारों के प्रति समर्थन व्यक्त करना है।

सोशल मीडिया पर साझा किया भावुक संदेश

मैच से पहले फ्रेंचाइजी ने सोशल मीडिया पर एक विशेष वीडियो साझा किया। वीडियो में कहा गया कि 12 मई को “टाइटंस लैवेंडर हो जाते हैं” और टीम Sunrisers Hyderabad के खिलाफ एक बड़े उद्देश्य के साथ मैदान पर उतर रही है।

वीडियो में टीम के तेज गेंदबाज Mohammed Siraj ने भी भावुक संदेश दिया। सिराज ने कहा कि इस सीजन टीम ने कई उतार-चढ़ाव देखे, लेकिन वापसी के लिए हिम्मत और सकारात्मक सोच जरूरी होती है। उन्होंने कहा कि भारत में कई लोग कैंसर से लड़ रहे हैं और ऐसे में उनके साथ खड़ा होना बेहद महत्वपूर्ण है। सिराज ने कहा कि इस अभियान का हिस्सा बनकर उन्हें गर्व महसूस होता है और यही वजह है कि यह मुकाबला उनके लिए बेहद खास और भावनात्मक है।

लैवेंडर जर्सी में यादगार रहा गुजरात का रिकॉर्ड

गुजरात टाइटंस ने पहली बार 2023 में लैवेंडर जर्सी पहनकर Sunrisers Hyderabad के खिलाफ मुकाबला खेला था। उस मैच में कप्तान Shubman Gill ने अपना पहला IPL शतक लगाया था और टीम ने 34 रन से जीत दर्ज की थी। उसी जीत के साथ गुजरात प्लेऑफ में पहुंचने वाली पहली टीम बनी थी।

IPL 2024 में Kolkata Knight Riders के खिलाफ लैवेंडर जर्सी वाला मुकाबला बारिश के कारण धुल गया था, जिससे टीम की प्लेऑफ उम्मीदों को झटका लगा। हालांकि 2025 में गुजरात ने Lucknow Super Giants को हराकर लैवेंडर जर्सी में शानदार वापसी की थी। अब IPL 2026 में गुजरात टाइटंस की नजर Sunrisers Hyderabad को हराकर अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल करने पर है।

Tags