पर्यटन को नई रफ्तार: भारतीय रेल–पर्यटन निगम के बीच हुआ समझौता, मिलेंगी कस्टमाइज्ड ट्रैवल सुविधाएं

Tourism gains momentum: Indian Railways and Tourism Corporation sign agreement to offer customized travel facilities
 
पर्यटन को नई रफ्तार: भारतीय रेल–पर्यटन निगम के बीच हुआ समझौता, मिलेंगी कस्टमाइज्ड ट्रैवल सुविधाएं

सत्य देव शर्मा सहोड़, शिमला।  प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने और हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (एचपीटीडीसी) की आय में इजाफा करने के उद्देश्य से पर्यटन निगम और भारतीय रेल खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) के बीच एक अहम सहयोग स्थापित किया गया है। इस रणनीतिक साझेदारी के तहत दोनों संस्थान मिलकर देशभर के पर्यटकों के लिए सुविधाजनक, आरामदायक और सुव्यवस्थित यात्रा पैकेज तैयार करेंगे।

यह समझौता शिमला स्थित पर्यटन निगम के एक होटल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान किया गया, जिसमें पर्यटन निगम और आईआरसीटीसी के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस पहल के अंतर्गत ऐसे एकीकृत ट्रैवल पैकेज विकसित किए जाएंगे, जिनमें रेल यात्रा, ठहरने की व्यवस्था और खानपान जैसी सुविधाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होंगी। इससे पर्यटकों को यात्रा की योजना बनाने में आसानी होगी और उन्हें किफायती दरों पर बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी।

संयुक्त पैकेजों में भारतीय रेल की यात्रा सुविधा के साथ-साथ पर्यटन निगम के होटलों में लॉजिंग, बोर्डिंग और अन्य आतिथ्य सेवाएं शामिल होंगी। इससे पर्यटक बिना किसी असुविधा के एक गंतव्य से दूसरे गंतव्य तक सुचारू रूप से यात्रा कर सकेंगे। यह पहल ‘लास्ट माइल कनेक्टिविटी’ को मजबूत करेगी और पूरी यात्रा के दौरान पर्यटकों को भरोसेमंद व मानकीकृत सेवाएं उपलब्ध कराएगी।

bhuihu

आईआरसीटीसी और भारतीय रेल के व्यापक नेटवर्क का लाभ उठाकर पर्यटन निगम को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान मजबूत करने में मदद मिलेगी। इससे निजी क्षेत्र के साथ प्रतिस्पर्धा करने की क्षमता बढ़ेगी और देश के विभिन्न हिस्सों से अधिक घरेलू पर्यटक हिमाचल प्रदेश की ओर आकर्षित होंगे। परिणामस्वरूप पर्यटन निगम के होटलों में ऑक्यूपेंसी बढ़ेगी और मौजूदा अधोसंरचना का बेहतर उपयोग सुनिश्चित होगा।

यह सहयोग सार्वजनिक क्षेत्र की दो प्रमुख संस्थाओं के बीच तालमेल को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इसके माध्यम से हिमाचल प्रदेश को एक सुलभ, किफायती और सुव्यवस्थित पर्यटन गंतव्य के रूप में बढ़ावा मिलेगा। साथ ही यह पहल रोजगार सृजन, पर्यटन संवर्धन और राज्य की आर्थिक प्रगति में भी सहायक सिद्ध होगी।

इस संबंध में पर्यटन निगम और आईआरसीटीसी के बीच 10 फरवरी को औपचारिक रूप से समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इसके साथ ही शीघ्र ही इन कस्टमाइज्ड यात्रा पैकेजों के शुभारंभ का रास्ता साफ हो गया है, जो देशभर के पर्यटकों के लिए लाभकारी साबित होंगे।

एमओयू हस्ताक्षर समारोह में आईआरसीटीसी की ओर से क्षेत्रीय कार्यालय चंडीगढ़ के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक हरजोत सिंह संधू और संयुक्त महाप्रबंधक हर्ष दीप उपस्थित रहे। वहीं, हिमाचल पर्यटन विकास निगम की ओर से प्रबंध निदेशक राजीव कुमार, महाप्रबंधक अनिल तनेजा और उप महाप्रबंधक (विपणन) धीरज बाली ने कार्यक्रम में भाग लिया।

Tags