इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी ने गोद लिए टीबी मरीजों को वितरित की पुष्टाहार पोटली
इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी शाखा लखनऊ ने कुल 50 टीबी मरीजों को गोद लिया है। इसी क्रम में आयोजित कार्यक्रम में सोसाइटी के सचिव अमरनाथ मिश्र, कोषाध्यक्ष नवीन गुप्ता, गुरप्रीत सिंह शेट्टी, बलरामपुर अस्पताल के डायरेक्टर डॉ. बी.के.एस. चौहान तथा एचओडी डॉ. ए.के. गुप्ता की उपस्थिति में मरीजों को पोषण सामग्री वितरित की गई।

इस अवसर पर इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी शाखा लखनऊ के सचिव अमरनाथ मिश्र ने कहा कि टीबी के उपचार के साथ मरीजों को पर्याप्त एवं पौष्टिक आहार उपलब्ध कराना भी बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि सोसाइटी द्वारा गोद लिए गए टीबी मरीजों को नियमित रूप से पुष्टाहार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे उपचार के दौरान उन्हें आवश्यक पोषण मिल सके और वे जल्द स्वस्थ होकर सामान्य जीवन में लौट सकें।
बलरामपुर अस्पताल के डायरेक्टर डॉ. बी.के.एस. चौहान ने कहा कि टीबी गंभीर बीमारी है, लेकिन नियमित रूप से दवा लेने, चिकित्सकीय परामर्श का पालन करने और पौष्टिक आहार लेने से मरीज पूरी तरह स्वस्थ हो सकते हैं। उन्होंने टीबी मरीजों की सहायता और उनके स्वास्थ्य एवं पोषण के लिए इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम में विपिन कुमार, राजकमल, प्रशांत बाजपेई, दयाशंकर वर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
