नेपाल में विरोध प्रदर्शनों के बीच फंसी भारतीय महिला, सरकार से लगाई मदद की गुहार
Indian woman stuck amidst protests in Nepal, appeals to the government for help
Thu, 11 Sep 2025
नेपाल में जारी Gen Z विरोध प्रदर्शनों के बीच पोखरा से एक वीडियो सामने आया है, जिसमें एक भारतीय महिला ने अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई है। महिला का नाम उपासना गिल बताया जा रहा है, जो वहां वॉलीबॉल लीग की मेजबानी के लिए गई थीं।
उपासना गिल ने वीडियो संदेश में कहा कि जिस होटल में वह ठहरी हुई थीं, प्रदर्शनकारियों ने उसमें आग लगा दी। उस वक्त वह एक स्पा में मौजूद थीं और बाहर निकलने पर लाठी-डंडों से लैस भीड़ ने उनका पीछा किया। किसी तरह उन्होंने जान बचाकर वहां से भागने की कोशिश की।
उन्होंने बताया, “मैं पोखरा में फंसी हुई हूं। मेरा सारा सामान होटल में रह गया, जो अब पूरी तरह जल चुका है। सड़कों पर आगजनी और हिंसा का माहौल है। प्रदर्शनकारी यहां पर्यटकों और काम से आए लोगों के बीच कोई फर्क नहीं कर रहे। हालात बेहद खराब हैं और हमें समझ नहीं आ रहा कि हम आगे कहां सुरक्षित ठहर पाएंगे। मैं भारतीय दूतावास और भारत सरकार से हाथ जोड़कर मदद की अपील करती हूं।”
भारतीय दूतावास की प्रतिक्रिया
काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास ने नेपाल में मौजूद सभी भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। दूतावास ने सलाह दी है कि जब तक स्थिति सामान्य नहीं हो जाती, लोग नेपाल की यात्रा टाल दें। इसके साथ ही, आपात स्थिति में सहायता के लिए दूतावास ने विशेष हेल्पलाइन नंबर भी साझा किए हैं।
