भारत की फौजी बेटी मेजर स्वाति शांताकुमार ने सूडान में बढ़ाया देश का मान
India's military daughter, Major Swati Shanthakumar, has brought glory to the country in Sudan.
Mon, 9 Mar 2026
नई दिल्ली। भारतीय सेना की अधिकारी मेजर स्वाति शांताकुमार ने साउथ सूडान में शांति मिशन के दौरान उत्कृष्ट कार्य करते हुए भारत का नाम रोशन किया है। वह वहाँ मलाकल शहर में जेंडर आधारित हिंसा को रोकने के लिए तैनात हैं और संयुक्त राष्ट्र (यूएन) के मिशन के तहत महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
मेजर स्वाति का कहना है कि पीसकीपिंग केवल एक नियमित काम नहीं है, बल्कि इसमें वास्तविक बदलाव लाने के लिए रचनात्मक सोच और सभी को साथ लेकर चलने की जरूरत होती है।
उन्होंने साउथ सूडान में संयुक्त राष्ट्र मिशन के तहत करीब 18 महीनों तक मलाकल में ऑल-वुमन मिलिट्री एंगेजमेंट टीम का नेतृत्व किया। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि संघर्ष और कठिन परिस्थितियों से जूझ रहे साउथ सूडान में शांति स्थापना का कार्य बेहद चुनौतीपूर्ण रहा।
मेजर स्वाति ने बताया कि ‘इक्वल पार्टनर्स, लास्टिंग पीस’ पहल के तहत उनकी टीम ने स्थानीय समुदाय के साथ विश्वास कायम करने, महिलाओं के लिए सुरक्षित माहौल बनाने और उनकी समस्याओं को समझने का काम किया।
उन्होंने कहा कि जब समुदाय का भरोसा बढ़ा तो महिलाओं ने अपने साथ हुई गंभीर घटनाओं के बारे में खुलकर बात करनी शुरू की। इनमें संघर्ष से जुड़ी यौन हिंसा के मामले भी शामिल थे, जो महिलाओं के साथ-साथ पुरुषों और बच्चों को भी प्रभावित करते हैं।
मेजर स्वाति के अनुसार ऐसे मामलों की जानकारी चाइल्ड प्रोटेक्शन यूनिट और जेंडर सेल को दी गई, ताकि पीड़ितों को आगे की सहायता और सुरक्षा मिल सके।
