महिला स्वास्थ्य एवं सर्जिकल केयर में नवाचार, डॉ. दीप्ति शुक्ला ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किए दो शोध पत्र
लखनऊ। समर्पण इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंसेज, लखनऊ की प्राचार्या डॉ. दीप्ति शुक्ला ने नई दिल्ली में आयोजित 7वीं कॉमनवेल्थ नर्सेज एंड मिडवाइव्स कॉन्फ्रेंस में महिला स्वास्थ्य और सर्जिकल केयर से जुड़े दो नवाचार आधारित शोध पत्र प्रस्तुत किए। सम्मेलन का आयोजन 24 और 25 सितंबर 2026 को कॉमनवेल्थ नर्सेज एंड मिडवाइफरी फेडरेशन (CNMF) द्वारा ट्रेंड नर्सेज एसोसिएशन ऑफ इंडिया (TNAI) के सहयोग से किया गया।
डॉ. शुक्ला के दोनों शोध नर्स-प्रेरित नवाचारों पर केंद्रित रहे, जिनका उद्देश्य महिला मरीजों की सुविधा, बेहतर देखभाल और स्वास्थ्य सेवाओं में व्यावहारिक सुधार लाना है।
पोस्टपार्टम एब्डॉमिनल बाइंडर पर शोध
पहला शोध सीजेरियन प्रसव के बाद महिलाओं की रिकवरी में सहायक अभिनव पोस्टपार्टम एब्डॉमिनल बाइंडर पर आधारित था। इस नवाचार का उद्देश्य प्रसव के बाद महिलाओं को अधिक आराम प्रदान करने के साथ दर्द कम करने, गतिशीलता में सहायता करने और रिकवरी प्रक्रिया को बेहतर बनाने में सहयोग देना है।

सिंगल-ब्लेड वैजाइनल रिफ्लेक्टर पर शोध
दूसरा शोध स्त्री रोग संबंधी प्रक्रियाओं के लिए विकसित नर्स-डिजाइन सिंगल-ब्लेड वैजाइनल रिफ्लेक्टर पर केंद्रित था। इसे गाइनेकोलॉजिकल प्रक्रियाओं के दौरान बेहतर विजुअलाइजेशन और आसान एक्सेस के साथ मरीज के आराम तथा स्वास्थ्यकर्मियों के लिए सुविधाजनक हैंडलिंग को ध्यान में रखते हुए विकसित किया गया है।
सम्मेलन में दोनों महिला-केंद्रित नवाचारों और शोध प्रस्तुतियों को प्रतिभागियों एवं विशेषज्ञों की सराहना मिली। इन नवाचारों को व्यापक उपयोग के लिए विकसित करने तथा आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद बाजार में उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्य किए जाने की जानकारी दी गई।
वैज्ञानिक सत्रों में मॉडरेटर की भूमिका भी निभाई
शोध पत्र प्रस्तुत करने के अलावा डॉ. दीप्ति शुक्ला ने सम्मेलन के दो वैज्ञानिक शोध-पत्र सत्रों में मॉडरेटर की भूमिका भी निभाई। उन्होंने विभिन्न शोध प्रस्तुतियों के दौरान वैज्ञानिक विचार-विमर्श और अकादमिक संवाद को संचालित किया।
डॉ. दीप्ति शुक्ला ने कहा कि, “नर्सिंग केवल मरीजों की देखभाल तक सीमित नहीं है। शोध, नवाचार और वैज्ञानिक सोच के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं के लिए व्यावहारिक समाधान विकसित करने की भी इसमें व्यापक संभावनाएं हैं। विशेष रूप से महिला स्वास्थ्य के क्षेत्र में नर्स-प्रेरित नवाचार मरीजों की सुविधा, सुरक्षा और गुणवत्तापूर्ण देखभाल को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।”

अंतरराष्ट्रीय स्तर के सम्मेलन में दो नवाचार आधारित शोध पत्र प्रस्तुत करना और वैज्ञानिक सत्रों का संचालन करना समर्पण इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंसेज, लखनऊ के लिए महत्वपूर्ण अकादमिक उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। यह उपलब्धि संस्थान में शोध, नवाचार और महिला स्वास्थ्य से जुड़े व्यावहारिक समाधानों को बढ़ावा देने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को भी रेखांकित करती है।
