सूर्या सैनिक स्कूल में इन्वेस्टिचर समारोह 2026-27, छात्र नेताओं ने ली जिम्मेदारी और सेवा की शपथ
लखनऊ, 11 अगस्त 2026। सूर्या सैनिक स्कूल में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के इन्वेस्टिचर समारोह का गरिमापूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में आयोजन किया गया। समारोह के दौरान नव नियुक्त छात्र परिषद के सदस्यों को औपचारिक रूप से उनके दायित्व सौंपे गए और उन्हें नेतृत्व, जिम्मेदारी तथा सेवा की भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कर्नल दीपक कुमार दयाल, सेना मेडल (SM) तथा विशिष्ट अतिथि श्रीमती स्वाति सिंह, वाइस प्रिंसिपल, दिल्ली पब्लिक स्कूल, शहीद पथ रहीं। इस अवसर पर स्कूल की CEO श्रीमती स्वाति पाल, हेडमास्टर श्री अमित कुमार पाल, डायरेक्टर कैडेट एक्सीलेंस स्क्वाड्रन लीडर राखी अग्रवाल और स्कूल कोऑर्डिनेटर श्री एस.वी. सिंह सहित विद्यालय के शिक्षक एवं छात्र उपस्थित रहे।
समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और गणेश वंदना के साथ हुआ। इसके बाद नव नियुक्त छात्र नेताओं को बैज प्रदान कर उनके दायित्वों की औपचारिक घोषणा की गई। छात्र परिषद के सदस्यों ने अनुशासन, सत्यनिष्ठा, साहस, जिम्मेदारी और निःस्वार्थ सेवा के मूल्यों को बनाए रखने की शपथ ली।
स्कूल कैप्टन (बालक) कैडेट असद अहमद और स्कूल कैप्टन (बालिका) कैडेट दिव्यांशी मौर्य ने अपने विचार व्यक्त किए। दोनों ने विद्यालय के सभी कैडेट्स के लिए अनुशासन, नेतृत्व और जिम्मेदारी की मिसाल कायम करने तथा स्कूल की गरिमा बनाए रखने का संकल्प लिया।समारोह में छात्र नेताओं को यह संदेश दिया गया कि नेतृत्व केवल किसी पद को हासिल करने का नाम नहीं है, बल्कि यह जिम्मेदारी निभाने, दूसरों को प्रेरित करने और अपने आचरण से उदाहरण प्रस्तुत करने की निरंतर प्रक्रिया है।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन और राष्ट्रगान के साथ हुआ। इन्वेस्टिचर समारोह ने युवा कैडेट्स को चरित्र, अनुशासन, साहस और सेवा की भावना के साथ नेतृत्व करने की प्रेरणा दी तथा विद्यालय की नेतृत्व परंपरा को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।
