IPL 2026: पंजाब किंग्स को 23 रनों से हराकर प्लेऑफ में पहुँचने वाली पहली टीम बनी RCB
टॉस जीतकर पंजाब ने चुनी गेंदबाजी, आरसीबी का विशाल स्कोर
पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, जो बाद में उनके लिए भारी पड़ गया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी की शुरुआत अच्छी नहीं रही और जैकब बेथेल मात्र 21 रन के कुल स्कोर पर पवेलियन लौट गए।
इसके बाद स्टार बल्लेबाज विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल ने मोर्चा संभाला। दोनों ने आक्रामक रुख अपनाते हुए दूसरे विकेट के लिए 76 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की। पडिक्कल 45 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद कोहली को वेंकटेश अय्यर का अच्छा साथ मिला और दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 60 रन जोड़े। कोहली ने बेहतरीन अर्धशतक लगाते हुए 58 रनों की पारी खेली।
वेंकटेश और टिम डेविड का आखिरी ओवरों में धमाका
विराट कोहली के आउट होने के बाद वेंकटेश अय्यर और टिम डेविड ने पंजाब के गेंदबाजों की जमकर खबर ली। इन दोनों ने चौथे विकेट के लिए महज 30 गेंदों में 65 रनों की तूफानी साझेदारी की। वेंकटेश अय्यर ने 40 गेंदों में नाबाद 73 रन बनाए, जबकि टिम डेविड ने अंत में 12 गेंदों में 28 रनों की कैमियो पारी खेलकर टीम का स्कोर 20 ओवर में 4 विकेट पर 222 रन तक पहुँचा दिया। पंजाब की ओर से हरप्रीत बराड़ ने 2, जबकि अर्शदीप सिंह और युजवेंद्र चहल ने 1-1 विकेट चटकाया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब की खराब शुरुआत
223 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही। टीम ने सिर्फ 19 रनों के स्कोर पर अपने 3 बड़े विकेट खो दिए। इसके बाद कूपर कोनोली (37 रन) और सूर्यांश शेडगे (35 रन) ने पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन वे भी बड़ी पारी नहीं खेल सके और टीम का स्कोर 93 रन पर 5 विकेट हो गया।
अंत में स्टोइनिस और शशांक की कोशिशें रही नाकाम
छठे विकेट के लिए मार्कस स्टोइनिस और शशांक सिंह ने तेजी से 67 रन जोड़कर पंजाब की मैच में वापसी कराने की कोशिश की। दोनों के प्रयास के बावजूद पंजाब की टीम निर्धारित 20 ओवरों में 199 रन ही बना सकी और मैच 23 रनों से हार गई।आरसीबी के लिए गेंदबाजी में रसिक सलाम डार सबसे सफल रहे, जिन्होंने 3 विकेट झटके। अनुभवी भुवनेश्वर कुमार को 2 सफलताएं मिलीं, जबकि जोश हेजलवुड, सुयश शर्मा और रोमारियो शेफर्ड ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।
