लखनऊ के रियल एस्टेट बाजार में ईशा ग्रुप की एंट्री, 5,000 करोड़ रुपये निवेश की योजना
कंपनी ने अपनी प्रस्तावित परियोजनाओं के लिए एयरपोर्ट के आसपास के रिहायशी इलाकों, सुल्तानपुर रोड और शहीद पथ जैसे तेजी से विकसित हो रहे प्रमुख क्षेत्रों को प्राथमिकता दी है। ईशा ग्रुप का लक्ष्य आधुनिक आवासीय सुविधाओं के साथ बेहतर कनेक्टिविटी और दैनिक जरूरतों से जुड़ी सेवाओं को एकीकृत रूप से उपलब्ध कराना है।
प्रस्तावित परियोजनाओं में लग्जरी अपार्टमेंट, विला और प्लॉट के अलावा हाई-एंड कमर्शियल स्पेस, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, रेस्टोरेंट और कैफे विकसित किए जाने की योजना है। निवासियों की जीवनशैली को ध्यान में रखते हुए क्लबहाउस, स्विमिंग पूल, अत्याधुनिक जिम, बच्चों के लिए प्ले एरिया और लैंडस्केप्ड गार्डन्स जैसी सुविधाएं भी प्रस्तावित हैं।
इसके साथ ही परियोजनाओं में प्रीमियम स्कूल, हेल्थकेयर सुविधाएं, 24×7 सुरक्षा व्यवस्था, चौड़ी सड़कें और बेहतर आंतरिक कनेक्टिविटी विकसित करने पर जोर दिया जाएगा। कंपनी के अनुसार, इन परियोजनाओं का उद्देश्य ऐसी एकीकृत टाउनशिप विकसित करना है, जहां आवास के साथ मनोरंजन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खरीदारी और अन्य रोजमर्रा की आवश्यक सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हो सकें।
ईशा ग्रुप के फाउंडर बृजेश सिंह ने कहा कि लखनऊ में रियल एस्टेट क्षेत्र में विकास की व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि कंपनी की प्राथमिकता बेहतर लोकेशन पर गुणवत्तापूर्ण आवास और आवश्यक सुविधाओं को एक साथ उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि लखनऊ से शुरुआत करने के बाद समूह उत्तर प्रदेश के अन्य शहरों और देश के प्रमुख रियल एस्टेट बाजारों में भी विस्तार करेगा।
बृजेश सिंह ने कहा कि ईशा ग्रुप के साथ रियल एस्टेट क्षेत्र के विभिन्न क्षेत्रों में लंबे समय से काम कर रहे अनुभवी पेशेवर जुड़े हैं। कंपनी का प्रयास ग्राहकों और निवेशकों के हितों को ध्यान में रखते हुए बेहतर निर्माण गुणवत्ता और पारदर्शी कार्यप्रणाली के साथ परियोजनाओं को आगे बढ़ाना रहेगा। समूह के संचालन और नेतृत्व की जिम्मेदारी दो दशकों से अधिक का अनुभव रखने वाले अनुराग बाजपेई संभालेंगे।
ईशा ग्रुप के सीएमडी अनुराग बाजपेई ने कहा कि लखनऊ में समूह की शुरुआत कंपनी की विकास यात्रा में महत्वपूर्ण पड़ाव है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रोजेक्ट विकसित करना कंपनी का लक्ष्य है, जिनकी गुणवत्ता, निर्माण मानकों और समयबद्ध डिलीवरी के आधार पर ग्राहक भरोसा कायम कर सकें। उन्होंने संकेत दिया कि आने वाले समय में लखनऊ में कई अन्य परियोजनाओं को भी विस्तार योजना में शामिल किया जाएगा।
कंपनी के मुताबिक, प्रस्तावित परियोजनाओं को अगले पांच वर्षों के भीतर पूरा कर ग्राहकों को सौंपने की योजना है। लखनऊ में विभिन्न परियोजनाओं के विकास के लिए ईशा ग्रुप ने करीब 5,000 करोड़ रुपये के निवेश का लक्ष्य रखा है। कंपनी को उम्मीद है कि इन परियोजनाओं के विकास और संचालन से प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से करीब 2,500 लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
लखनऊ में कारोबार की शुरुआत के बाद ईशा ग्रुप की योजना उत्तर प्रदेश के अन्य प्रमुख शहरों के साथ-साथ देश के दूसरे महत्वपूर्ण रियल एस्टेट बाजारों में भी अपनी मौजूदगी बढ़ाने की है।
