लखनऊ के रियल एस्टेट बाजार में ईशा ग्रुप की एंट्री, टाउनशिप और ग्रुप हाउसिंग प्रोजेक्ट्स पर फोकस
लखनऊ डेस्क, आर.एल. पाण्डेय। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के तेजी से विकसित हो रहे रियल एस्टेट बाजार में ईशा ग्रुप ने रविवार को अपने कारोबार की औपचारिक शुरुआत की। ग्रुप की ओर से आयोजित लॉन्च कार्यक्रम में लखनऊ में प्रस्तावित विभिन्न आवासीय एवं व्यावसायिक परियोजनाओं की रूपरेखा प्रस्तुत की गई। कंपनी की योजना टाउनशिप और ग्रुप हाउसिंग सोसाइटी के माध्यम से शहर में अपनी उपस्थिति मजबूत करने की है।
कंपनी के अनुसार, प्रस्तावित परियोजनाओं के लिए एयरपोर्ट के आसपास के रिहायशी क्षेत्र, सुल्तानपुर रोड और शहीद पथ जैसे प्रमुख स्थानों को प्राथमिकता दी गई है। इन प्रोजेक्ट्स में आधुनिक आवासीय सुविधाओं के साथ बेहतर कनेक्टिविटी और रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़ी सेवाओं को एक ही परिसर में उपलब्ध कराने पर जोर दिया जाएगा।
लग्जरी अपार्टमेंट से लेकर विला और प्लॉट तक
ईशा ग्रुप की प्रस्तावित परियोजनाओं में लग्जरी अपार्टमेंट, विला और प्लॉट्स के साथ हाई-एंड कमर्शियल स्पेस विकसित किए जाने की योजना है। इसके अलावा शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, रेस्टोरेंट और कैफे जैसी व्यावसायिक सुविधाएं भी प्रस्तावित हैं।
आवासीय परिसर में क्लब हाउस, स्विमिंग पूल, जिम, बच्चों के लिए प्ले एरिया और लैंडस्केप्ड गार्डन्स जैसी सुविधाओं को शामिल करने की योजना है। कंपनी की ओर से प्रीमियम स्कूल, हेल्थकेयर सुविधाएं, 24×7 सुरक्षा व्यवस्था और चौड़ी सड़कों के साथ बेहतर आंतरिक कनेक्टिविटी विकसित करने की बात कही गई है।
ग्रुप के अनुसार, परियोजनाओं की अवधारणा ऐसी टाउनशिप विकसित करने की है, जहां आवास के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, मनोरंजन, खरीदारी और दैनिक जरूरतों से जुड़ी सुविधाएं भी परिसर के भीतर उपलब्ध हों।
लखनऊ से शुरुआत, दूसरे शहरों तक विस्तार की तैयारी
ईशा ग्रुप के फाउंडर बृजेश सिंह ने कहा कि लखनऊ के रियल एस्टेट क्षेत्र में विकास की काफी संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि ग्रुप का प्रयास बेहतर लोकेशन पर गुणवत्तापूर्ण आवास और जरूरी सुविधाओं को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है।
उन्होंने बताया कि लखनऊ से शुरुआत के बाद कंपनी उत्तर प्रदेश के अन्य शहरों और देश के प्रमुख रियल एस्टेट बाजारों में भी अपने प्रोजेक्ट्स का विस्तार करने की योजना बना रही है। उन्होंने कहा कि ग्रुप में रियल एस्टेट के विभिन्न क्षेत्रों का अनुभव रखने वाले पेशेवर जुड़े हैं और ग्राहकों एवं निवेशकों के हितों के साथ निर्माण गुणवत्ता को प्राथमिकता दी जाएगी।
ग्रुप का नेतृत्व दो दशक से अधिक का अनुभव रखने वाले अनुराग बाजपेई करेंगे।
गुणवत्ता और समय पर डिलीवरी पर जोर
ईशा ग्रुप के सीएमडी अनुराग बाजपेई ने कहा कि लखनऊ में समूह की शुरुआत एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि कंपनी ऐसे प्रोजेक्ट विकसित करना चाहती है, जिनकी गुणवत्ता और समय पर डिलीवरी के आधार पर ग्राहकों का भरोसा कायम हो।
उन्होंने कहा कि लखनऊ में आने वाले समय में नए प्रोजेक्ट्स को भी विस्तार योजना में शामिल किया जाएगा। कंपनी का लक्ष्य आधुनिक सुविधाओं और बेहतर कनेक्टिविटी के साथ ऐसे रियल एस्टेट प्रोजेक्ट तैयार करना है, जो बदलती शहरी जरूरतों के अनुरूप हों।
5,000 करोड़ रुपये के निवेश की योजना
कंपनी के अनुसार, लखनऊ में प्रस्तावित परियोजनाओं में करीब 5,000 करोड़ रुपये के निवेश की योजना है। इन परियोजनाओं को अगले पांच वर्षों में पूरा कर ग्राहकों को सौंपने का लक्ष्य रखा गया है। ईशा ग्रुप का अनुमान है कि प्रस्तावित परियोजनाओं के निर्माण और संचालन से प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से करीब 2,500 लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
लखनऊ से रियल एस्टेट कारोबार की शुरुआत करने के बाद कंपनी की योजना उत्तर प्रदेश के अन्य शहरों के साथ-साथ देश के प्रमुख बाजारों में विस्तार करने की है। इस तरह ईशा ग्रुप ने राजधानी के रियल एस्टेट क्षेत्र में अपनी नई पारी की शुरुआत करते हुए आने वाले वर्षों में बड़े स्तर पर विस्तार का संकेत दिया है।
