सवा लाख दीपों से जगमगाया इस्कॉन मंदिर, भव्य दीपोत्सव ने मोहा श्रद्धालुओं का मन

रंगोली और दीपों की रोशनी से निखरा श्री श्री राधा रमण बिहारी मंदिर का परिसर, भक्तों ने आतिशबाजी के साथ मनाया उत्सव

 
सवा लाख दीपों से जगमगाया इस्कॉन मंदिर, भव्य दीपोत्सव ने मोहा श्रद्धालुओं का मन

लखनऊ। दीपों की अनुपम छटा, आकर्षक रंगोलियों और भक्ति के उल्लास से श्री श्री राधा रमण बिहारी मंदिर (इस्कॉन), सुशांत गोल्फ सिटी का पूरा परिसर रोशनी से नहा उठा। सोमवार, 9 नवंबर 2026 को आयोजित भव्य दीपोत्सव में इस्कॉन लखनऊ के भक्तों ने सवा लाख दीप प्रज्ज्वलित कर मंदिर के कोने-कोने को जगमगा दिया। दीपों से सजे मंदिर का मनमोहक दृश्य श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहा।

-=0o

विगत वर्षों की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी मंदिर में विशेष दीपोत्सव का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन विश्वभर में भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति का प्रचार-प्रसार करने वाले इस्कॉन के संस्थापक आचार्य विश्वगुरु श्रील प्रभुपाद जी की शिक्षाओं और उनके शिष्य परम पूज्य श्रील गोपाल कृष्ण गोस्वामी महाराज जी से चली आ रही परंपरा के अंतर्गत किया गया।

090909

मंदिर अध्यक्ष श्रीमान अपरिमेय श्याम प्रभु जी के दिशा-निर्देशन में गृहस्थ भक्तों, प्रभुपाद यूथ आर्मी, इस्कॉन गर्ल्स फोरम और इस्कॉन यूथ फोरम के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक आयोजन में भाग लिया। भक्तों ने मंदिर और पूरे प्रांगण को आकर्षक रंगोलियों से सजाया। इसके बाद सवा लाख दीपों को एक साथ प्रज्ज्वलित किया गया। देखते ही देखते पूरा मंदिर परिसर दीपों की सुनहरी रोशनी से आलोकित हो उठा।

00909

दीपों से सजे मंदिर का विहंगम दृश्य देखकर वहां मौजूद श्रद्धालु भावविभोर हो गए। वातावरण में भक्ति, उल्लास और आध्यात्मिक आनंद का अद्भुत संगम देखने को मिला।कार्यक्रम के दौरान मंदिर अध्यक्ष अपरिमेय श्याम प्रभु जी सहित उपस्थित भक्तों ने भव्य आतिशबाजी का आनंद लिया। दीपोत्सव के समापन पर सभी श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण का प्रसाद ग्रहण किया। इस भव्य आयोजन ने एक बार फिर इस्कॉन मंदिर में भक्ति, सामूहिक सहभागिता और आध्यात्मिक परंपरा की सुंदर झलक प्रस्तुत की।

निवेदक:
इस्कॉन मीडिया समूह
श्री श्री राधा रमण बिहारी मंदिर
सेक्टर-एफ, सुशांत गोल्फ सिटी, सुलतानपुर रोड, लखनऊ।

Tags