आजादी की लड़ाई में मुसलमानों के योगदान को याद रखना जरूरी: संजय सिंह

शाहनवाज कादरी की हिंदी पुस्तक ‘बाग़ी हिंदुस्तान और 1857’ तथा उर्दू पुस्तक ‘लहू बोलता भी है’ के द्वितीय संस्करण का विमोचन
 
dhdhhd
ब्यूरो चीफ आर एल पाण्डेय
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम में मुसलमानों की महत्वपूर्ण भूमिका को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए और अधिक प्रयास किए जाने की जरूरत है। देश की आजादी के लिए मुस्लिम समाज के पूर्वजों ने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है। ऐसे में मुसलमानों को बार-बार अपनी देशभक्ति साबित करने की आवश्यकता नहीं होनी चाहिए।


सांसद संजय सिंह शनिवार को माता सुंदरी रोड स्थित गालिब इंस्टीट्यूट (ऐवान-ए-गालिब) में आयोजित पुस्तक विमोचन समारोह को संबोधित कर रहे थे।

 

इस अवसर पर समाजवादी चिंतक सैयद शाहनवाज अहमद कादरी की हिंदी पुस्तक ‘बाग़ी हिंदुस्तान और 1857’ तथा उर्दू पुस्तक ‘लहू बोलता भी है’ के संशोधित द्वितीय संस्करण का विमोचन किया गया।
कार्यक्रम में स्वतंत्रता सेनानियों के वंशजों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इनमें क़ाजी ज़ुल्फ़िकार अली के प्रपौत्र क़ाजी अनवार अहमद, नवाब अली बहादुर नवाब बांदा के प्रपौत्र नवाब शादाब बहादुर, शेख रज्जब अली के प्रपौत्र अबुल क़ैस, शहीद अशफ़ाकउल्लाह ख़ान के वंशज शादाब उल्लाह ख़ान तथा निज़ामुद्दीन काज़ी के पुत्र नुरूद्दीन काज़ी शामिल रहे।

 


सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. सुरेश खैरनार ने संजय सिंह के विचारों का समर्थन करते हुए लेखक की सराहना की। उन्होंने कहा कि गहन शोध पर आधारित ये पुस्तकें नई पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। स्वतंत्रता संग्राम में मुस्लिम स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को फिर से सामने लाने का शाहनवाज कादरी का प्रयास प्रेरणादायक है।


प्रख्यात समाजवादी चिंतक रघु ठाकुर ने कहा कि भारत का स्वतंत्रता संग्राम किसी एक समुदाय का नहीं, बल्कि सभी वर्गों और समुदायों का सामूहिक संघर्ष था। ऐसे समय में जब स्वतंत्रता आंदोलन में मुसलमानों के योगदान पर सवाल उठाए जा रहे हैं, ये पुस्तकें विशेष प्रासंगिकता रखती हैं।


दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रोफेसर राजकुमार जैन ने दोनों पुस्तकों को स्वतंत्रता आंदोलन की संतुलित समझ विकसित करने के इच्छुक पाठकों के लिए महत्वपूर्ण संदर्भ ग्रंथ बताया।


वैज्ञानिक एवं कवि गौहर रजा ने 1857 के विद्रोह के दौरान दिखाई गई कौमी एकता का उल्लेख करते हुए कहा कि उस दौर में हिंदू-मुसलमान सहित समाज के विभिन्न वर्गों ने मिलकर अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष किया था। उन्होंने कहा कि आज पूरे देश में नफरत और पूर्वाग्रह का माहौल बनाने वाली प्रवृत्तियां सामाजिक एकता को नुकसान पहुंचा रही हैं। ऐसे समय में इन पुस्तकों का प्रकाशन महत्वपूर्ण है।


गौहर रजा ने कहा कि यह पुस्तक ऐतिहासिक दस्तावेज की तरह है, जिसे लोगों को खरीदकर पढ़ना चाहिए। इसके अध्ययन से इतिहास को समझने और नफरत फैलाने वाले पूर्वाग्रहों का तथ्यों के आधार पर जवाब देने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि 1857 की लड़ाई किसी धर्म, जाति, राजा, किसान या मजदूर विशेष की लड़ाई नहीं थी, बल्कि अंग्रेजी शासन के खिलाफ विभिन्न वर्गों की साझा लड़ाई थी।


पुस्तक के लेखक सैयद शाहनवाज अहमद कादरी ने अपनी रचनाओं के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देश को आजादी की तीसरी लड़ाई के लिए तैयार रहना चाहिए। उन्होंने इस लड़ाई को संविधान और लोकतंत्र की रक्षा से जोड़ते हुए लोगों से इसके लिए एकजुट होने का आह्वान किया।


कार्यक्रम में हैदराबाद से आए पूर्व न्यायाधीश टी. गोपाल सिंह और पूर्व आईएफएस अधिकारी जे.एस. कैलाशिया ने भी अपने विचार रखे। अन्य वक्ताओं ने ब्रिटिश औपनिवेशिक शासन के खिलाफ भारत के स्वतंत्रता संग्राम में विभिन्न समुदायों की सामूहिक भूमिका को रेखांकित किया।


दोनों पुस्तकों का प्रकाशन लखनऊ के लोकबंधु राजनारायण ट्रस्ट की ओर से किया गया है। उल्लेखनीय है कि शाहनवाज कादरी की स्वतंत्रता संग्राम में मुसलमानों के योगदान पर आधारित पुस्तक ‘लहू बोलता भी है’ इससे पहले हिंदी, अंग्रेजी और उर्दू भाषाओं में भी प्रकाशित हो चुकी है।

Tags