आईटेल ने भारत में पार किया 15 करोड़ ग्राहकों का आंकड़ा, किफायती कीमत और भरोसे के दम पर बनाई मजबूत पहचान
भारत में 10 साल पूरे होने पर कंपनी ने दर्ज की बड़ी उपलब्धि, फीचर फोन और 10 हजार रुपये से कम कीमत वाले मोबाइल सेगमेंट में भी कायम है अग्रणी स्थान
लखनऊ। किफायती कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स ब्रांड आईटेल (itel) ने भारत में 15 करोड़ यानी 150 मिलियन ग्राहकों का आंकड़ा पार कर लिया है। भारत में अपनी शुरुआत के 10 साल पूरे होने के मौके पर कंपनी ने इस उपलब्धि की घोषणा की। मजबूती, भरोसे और किफायती कीमत के अपने ब्रांड वादे के साथ आईटेल ने देश के वैल्यू सेगमेंट में अपनी मजबूत पहचान बनाई है।
कंपनी के अनुसार, Counterpoint Research के आंकड़ों के मुताबिक CY2026 में 34 प्रतिशत मार्केट शेयर के साथ आईटेल भारत का नंबर एक फीचर फोन ब्रांड है। वहीं, 10,000 रुपये से कम कीमत वाले मोबाइल फोन सेगमेंट में 36 प्रतिशत बाजार हिस्सेदारी के साथ कंपनी अग्रणी स्थान पर है।
आईटेल का कारोबार अब केवल मोबाइल फोन तक सीमित नहीं है। कंपनी के पोर्टफोलियो में स्मार्टफोन, फीचर फोन, टेलीविजन, होम अप्लायंसेज, स्पीकर्स, ऑडियो प्रोडक्ट्स और एक्सेसरीज़ सहित कई तरह के कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पाद शामिल हैं। कंपनी का लक्ष्य महानगरों से लेकर छोटे शहरों, कस्बों और गांवों तक अधिक से अधिक परिवारों को भरोसेमंद और किफायती तकनीक उपलब्ध कराना है।
ग्राहकों की सुविधा और सर्विस पर जोर
आईटेल ग्राहकों को बेहतर आफ्टर-सेल्स सर्विस देने के लिए भी लगातार प्रयास कर रहा है। कंपनी के देशभर में 1,000 से अधिक सर्विस सेंटर हैं। इसके अलावा, ग्राहकों को 100 दिनों तक मुफ्त स्क्रीन रिप्लेसमेंट और चुनिंदा मॉडल्स पर काउंटर रिप्लेसमेंट जैसी सुविधाएं भी दी जा रही हैं। इन सेवाओं के जरिए कंपनी ग्राहकों का भरोसा मजबूत करने और खरीदारी के बाद भी उन्हें बेहतर अनुभव देने पर ध्यान दे रही है।
15 करोड़ ग्राहकों का भरोसा हमारी सबसे बड़ी उपलब्धि: अरिजीत तलापात्रा
आईटेल इंडिया के सीईओ अरिजीत तलापात्रा ने इस उपलब्धि पर कहा, “15 करोड़ ग्राहकों का आंकड़ा हमारे लिए सिर्फ एक नंबर नहीं, बल्कि पिछले 10 सालों में भारतीय परिवारों द्वारा हम पर जताए गए भरोसे का प्रतीक है। यह उपलब्धि दिखाती है कि हम भारतीय ग्राहकों की बदलती जरूरतों को समझते हुए उनके लिए भरोसेमंद और किफायती टेक्नोलॉजी लाने के अपने वादे पर लगातार काम कर रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि मोबाइल फोन से लेकर टीवी और होम अप्लायंसेज तक, कंपनी का सफर हमेशा ऐसी उत्पाद श्रेणियों में विस्तार करने का रहा है, जो भारतीय परिवारों की रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा हैं। आईटेल की कोशिश रही है कि नई और बेहतर तकनीक आम लोगों तक आसानी से पहुंचे।” 10 वर्षों के सफर में 15 करोड़ ग्राहकों का आंकड़ा पार करना आईटेल के लिए भारतीय बाजार में अपनी पहुंच और उपभोक्ताओं के विश्वास का महत्वपूर्ण पड़ाव है।
