आईटीआई प्रवेश 2026-27: अभ्यर्थियों को संस्थान और ट्रेड बदलने का मिलेगा अवसर, 9 से 12 अगस्त तक खुला रहेगा पोर्टल
लखनऊ, 7 अगस्त 2026। उत्तर प्रदेश के राजकीय एवं निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में शैक्षिक सत्र 2026-27 के प्रवेश के लिए आवेदन कर चुके अभ्यर्थियों को विभाग ने बड़ी राहत दी है। अब छात्र अपने आवेदन में संस्थान और ट्रेड (व्यवसाय) के विकल्प बदलने या नए विकल्प जोड़ने का अवसर प्राप्त कर सकेंगे।
व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग के विशेष सचिव एवं एससीवीटी के अधिशासी निदेशक अभिषेक सिंह ने बताया कि आईटीआई प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 11 जुलाई 2026 से संचालित है। इस दौरान भारत सरकार के डीजीटी से प्राप्त डायनेमिक सीट मैट्रिक्स के आधार पर विभिन्न संस्थानों की सीटें पोर्टल पर उपलब्ध कराई गई हैं।
उन्होंने बताया कि कुछ संस्थानों में पहले से मैप किए गए एनसीवीटी व्यवसायों की कुछ यूनिटों और सीटों को अनमैप किए जाने के बाद उन्हें एससीवीटी पाठ्यक्रमों में परिवर्तित किया गया है, जिससे एससीवीटी सीटों की संख्या बढ़ी है। वहीं कई संस्थानों द्वारा लंबित मैपिंग पूरी किए जाने के कारण एनसीवीटी पाठ्यक्रमों में भी अतिरिक्त सीटें उपलब्ध हुई हैं।
अद्यतन सीट मैट्रिक्स के अनुसार, सभी पात्र अभ्यर्थी 9 अगस्त से 12 अगस्त 2026 तक विभाग की आधिकारिक वेबसाइट www.scvtup.in पर लॉगिन कर अपनी शैक्षिक योग्यता के अनुरूप पसंदीदा संस्थान एवं ट्रेड के विकल्प बदल सकते हैं या नए विकल्प जोड़ सकते हैं।
विभाग ने यह भी बताया कि सभी पंजीकृत अभ्यर्थियों को उनके मोबाइल नंबर पर एसएमएस के माध्यम से भी सूचना भेजी जा रही है, ताकि वे समय रहते अपने विकल्पों में संशोधन कर अधिक उपयुक्त संस्थान और ट्रेड में प्रवेश का अवसर प्राप्त कर सकें।अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि निर्धारित समयावधि के भीतर पोर्टल पर जाकर अपने विकल्पों की समीक्षा अवश्य करें, क्योंकि इसके बाद संशोधन का अवसर उपलब्ध नहीं होगा।
