जय नारायण मिश्र महाविद्यालय में जॉब ड्राइव, 180 छात्र-छात्राओं का चयन

15 से अधिक कंपनियों ने 450 विद्यार्थियों के लिए आयोजित किए साक्षात्कार, ₹12 हजार से ₹30 हजार मासिक तक के रोजगार अवसर मिले
 
SDTGR
लखनऊ, 15 सितंबर 2026। श्री जय नारायण मिश्र महाविद्यालय में मंगलवार को प्लेसमेंट एवं प्रशिक्षण सेल तथा निर्माण ऑर्गनाइजेशन (इंफोसिस) के संयुक्त तत्वावधान में जॉब ड्राइव का आयोजन किया गया। रोजगार मेले में विभिन्न क्षेत्रों की 15 से अधिक कंपनियों ने भाग लिया और लगभग 450 छात्र-छात्राओं का अलग-अलग पदों के लिए साक्षात्कार लिया। इनमें से करीब 180 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का कंपनियों द्वारा चयन किया गया।

REEW

जॉब ड्राइव में महाविद्यालय के स्नातक प्रथम, द्वितीय और तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों के साथ-साथ पासआउट छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रतिभागियों को फाइनेंस, इंश्योरेंस, रिटेल, आईटी, बैंकिंग, हेल्थकेयर और बीपीओ सहित विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए।

कंपनियों की ओर से चयनित विद्यार्थियों को ₹12,000 से ₹30,000 प्रतिमाह तक के वेतन पैकेज वाले रोजगार अवसर प्रदान किए गए। साक्षात्कार में सफलता हासिल करने वाले विद्यार्थियों में खासा उत्साह और खुशी देखने को मिली।

GTUIYU

प्राचार्य ने विद्यार्थियों को दी शुभकामनाएं

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. के.के. शुक्ल ने जॉब ड्राइव के सफल आयोजन के लिए निर्माण ऑर्गनाइजेशन तथा महाविद्यालय के प्लेसमेंट सेल की सराहना की। उन्होंने चयनित छात्र-छात्राओं को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रोजगार की यह शुरुआत विद्यार्थियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकती है।

उन्होंने कंपनियों के प्रतिनिधियों से अपील की कि फ्रेशर विद्यार्थियों को कार्यस्थल की आवश्यकताओं को समझने और स्वयं को बेहतर ढंग से तैयार करने के लिए थोड़ा समय एवं मार्गदर्शन दिया जाए। उन्होंने कहा कि मेहनती और प्रतिभाशाली युवा भविष्य में कंपनियों के लिए महत्वपूर्ण संसाधन साबित हो सकते हैं।

प्राचार्य ने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि युवा भारत का भविष्य हैं और एक छोटी नौकरी भी उनके करियर की दिशा बदलने वाली बड़ी शुरुआत बन सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों को साक्षात्कार की तैयारी और रोजगार के लिए आवश्यक कौशल विकसित करने में सहयोग देने के लिए निर्माण ऑर्गनाइजेशन का आभार व्यक्त किया।उन्होंने निर्माण ऑर्गनाइजेशन की प्रतिनिधि सुश्री अदिति वाजपेई एवं उनकी पूरी टीम के प्रति भी धन्यवाद व्यक्त किया।

DWED

विभिन्न पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

प्लेसमेंट सेल प्रभारी डॉ. विजय राज श्रीवास्तव ने जॉब ड्राइव में भाग लेने वाले विद्यार्थियों तथा साक्षात्कार के लिए पहुंची कंपनियों के प्रतिनिधियों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ वास्तविक जॉब मार्केट की जरूरतों को समझने और रोजगार के लिए तैयार होने का अवसर प्रदान करते हैं।जॉब ड्राइव में बीए, बीएससी, बीकॉम, बीबीए और बीसीए सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

इस अवसर पर प्लेसमेंट सेल की सदस्य डॉ. नेहा रैतानी, डॉ. प्रियंका मजूमदार, डॉ. शुचि मिश्रा, आशीष सिंह, सॉफ्ट स्किल्स ट्रेनर श्रुति यादव, दीपक, प्रिया सहित महाविद्यालय के अनेक शिक्षक, कंपनी प्रतिनिधि एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Tags