जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने पूर्व मंत्री स्व. हनुमंत सिंह को दी श्रद्धांजलि, परिजनों से मिलकर जताया शोक
बलरामपुर, 7 अगस्त 2026।
उत्तर प्रदेश सरकार के जल शक्ति मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता स्वतंत्र देव सिंह ने शुक्रवार को बलरामपुर पहुंचकर पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वर्गीय हनुमंत सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शारदा कुंज स्थित आवास पर स्वर्गीय हनुमंत सिंह के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया।
इस दौरान स्वतंत्र देव सिंह ने स्वर्गीय हनुमंत सिंह के भाई शिव प्रताप सिंह तथा पुत्र अखिलेश सिंह (गुड्डू) से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरा भाजपा परिवार उनके साथ खड़ा है।
जल शक्ति मंत्री ने कहा कि स्वर्गीय हनुमंत सिंह ने अपने सार्वजनिक जीवन में जनसेवा और सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया। उनका व्यक्तित्व, कार्यशैली और समाज के प्रति समर्पण हमेशा प्रेरणास्रोत रहेगा। उनके निधन से क्षेत्र और प्रदेश की राजनीति को अपूरणीय क्षति हुई है।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री वैभव सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. आरती तिवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मिश्र, सदर विधायक पल्टूराम, उतरौला विधायक राम प्रताप वर्मा, नगर पालिका परिषद बलरामपुर के अध्यक्ष डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’, ब्लॉक प्रमुख राकेश तिवारी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त पंकज सिंह, मनोज तिवारी, हेमंत जायसवाल, शक्ति सिंह, महिपाल चौधरी, गोविंद सोनकर, राधेश्याम वर्मा, उपाध्यक्ष बृजेन्द्र तिवारी, आद्या सिंह, पिंकी, डॉ. अजय सिंह ‘पिंकू’, बिंदू विश्वकर्मा तथा डीपी सिंह बैस सहित अनेक लोगों ने भी श्रद्धांजलि अर्पित कर दिवंगत नेता को नमन किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने स्वर्गीय हनुमंत सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। पूरे आयोजन के दौरान वातावरण भावुक रहा तथा वक्ताओं ने स्वर्गीय हनुमंत सिंह के जनसेवा, सामाजिक योगदान और सरल व्यक्तित्व को स्मरण करते हुए उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि दी।
