जननायक चंद्रशेखर फेफना खेल महोत्सव: कोटवां क्लस्टर की प्रतियोगिताओं का आगाज, बुधवार को विजेताओं को किया जाएगा सम्मानित
बलिया। पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय चंद्रशेखर के जन्मशताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित 'जननायक चंद्रशेखर फेफना खेल महोत्सव' के अंतर्गत कोटवां क्लस्टर की खेल प्रतियोगिताओं का मंगलवार को शुभारंभ हुआ। उच्च प्राथमिक विद्यालय, कोटवां के खेल मैदान पर आयोजित दो दिवसीय प्रतियोगिता का उद्घाटन भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा ने मुख्य अतिथि के रूप में किया।
इस अवसर पर संजय मिश्रा ने पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पार्चन किया। इसके बाद उन्होंने एथलेटिक्स की 100 मीटर दौड़ को हरी झंडी दिखाकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। पूर्व मंत्री उपेंद्र तिवारी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।
अपने संबोधन में जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा ने केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से खेल एवं खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आज खिलाड़ियों की प्रतिभा को सम्मान मिल रहा है और उन्हें विभिन्न सरकारी सेवाओं में अवसर भी प्राप्त हो रहे हैं। उन्होंने फेफना खेल महोत्सव की सराहना करते हुए कहा कि यह युवा प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का बेहतरीन मंच है। इसके आयोजन के लिए पूर्व मंत्री उपेंद्र तिवारी बधाई के पात्र हैं।
कबड्डी में बाबू चंद्रचूर्ण सिंह इंटर कॉलेज की टीम विजेता
जूनियर बालक कबड्डी प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में बाबू चंद्रचूर्ण सिंह इंटर कॉलेज की टीम ने जिगनी खास को 14-08 से हराकर खिताब अपने नाम किया। इससे पहले खेले गए सेमीफाइनल मुकाबलों में जिगनी खास ने कोटवां को 25-18 से तथा बाबू चंद्रचूर्ण सिंह इंटर कॉलेज ने डॉ. आई.डी. वर्मा पब्लिक स्कूल को 27-15 से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई थी।
100 मीटर दौड़ में आकांक्षा और अंकित ने मारी बाजी
एथलेटिक्स प्रतियोगिता के जूनियर बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में आईडी वर्मा स्कूल की आकांक्षा चौरसिया ने प्रथम, शशि गिरी ने द्वितीय और मानवी सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। जूनियर बालक वर्ग में अंकित वर्मा प्रथम, अभिषेक यादव द्वितीय और अंकित यादव तृतीय रहे।
सब जूनियर बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में पिंकी ने पहला, सुहानी यादव ने दूसरा और अंशिका यादव ने तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं सब जूनियर बालक वर्ग में अमन गुप्ता प्रथम, रिक्की द्वितीय और निलेश वर्मा तृतीय स्थान पर रहे।
वॉलीबॉल मुकाबलों में भी खिलाड़ियों ने दिखाया दम
सीनियर बालक वॉलीबॉल के फाइनल मुकाबले में थूंभाउत्तम की टीम ने दामोदरपुर को 25-21 और 25-23 से हराकर खिताब पर कब्जा जमाया। जूनियर बालक वॉलीबॉल का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। इसमें द होराइजन स्कूल की टीम ने आईडी वर्मा स्कूल को 25-23, 21-25 और 19-25 के सेट स्कोर के साथ पराजित किया।
प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका सच्चिदानंद राय, मोहम्मद शमशाद, यशवंत राय, सचिन उपाध्याय, गौरव पांडे, सरदार वर्मा, नूरजहां खान और सीमा देवी ने निभाई।इस अवसर पर उपेंद्र पांडे, टुनटुन उपाध्याय, आईडी मेमोरियल स्कूल के प्रबंधक विजय प्रकाश वर्मा, द होराइजन स्कूल के प्रबंधक मनोज सिंह, सच्चिदानंद सिंह, उमेश सिंह, ओमप्रकाश वर्मा, रिंकू उपाध्याय, मोबिन अंसारी, राघवेंद्र सिंह, शमीम अंसारी, शंभू वर्मा, मुन्ना तिवारी, बृजमोहन वर्मा, अजय सोनी, राजेश मिश्रा, अनिल पांडे, रामप्रवेश राजभर, सोनू सिंह, अखिलेश बिंद सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला वॉलीबॉल एसोसिएशन के सचिव नीरज राय ने किया। बुधवार को महोत्सव के अंतर्गत क्रिकेट, फुटबॉल और रस्साकशी के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया जाएगा।
