जियो IPO ने बनाया विश्व रिकॉर्ड, 1.38 करोड़ से अधिक आवेदन ₹7.40 लाख करोड़ की बोलियां

Jio IPO sets a world record: over 13.8 million applications and bids worth ₹7.40 lakh crore.
 
जियो IPO ने बनाया विश्व रिकॉर्ड, 1.38 करोड़ से अधिक आवेदन ₹7.40 लाख करोड़ की बोलियां

बई, 23 अक्टूबर 2026। जियो प्लेटफॉर्म्स के ₹30,213 करोड़ के आईपीओ ने आवेदन संख्या के मामले में नया विश्व रिकॉर्ड बनाने का दावा किया है। तीन दिनों की बिडिंग के दौरान इस आईपीओ को 1.38 करोड़ से अधिक आवेदन मिले। शुक्रवार शाम 7 बजे बोली प्रक्रिया बंद होने तक आईपीओ 22 गुना से अधिक सब्सक्राइब हुआ। एंकर और गैर-एंकर निवेशकों की बोलियों को मिलाकर कुल मांग करीब ₹7.40 लाख करोड़ तक पहुंच गई।

कुल बोलियों में गैर-एंकर निवेशकों की ओर से करीब ₹4.90 लाख करोड़ और एंकर निवेशकों की ओर से लगभग ₹2.50 लाख करोड़ की मांग शामिल रही। संस्थागत निवेशकों से लेकर खुदरा निवेशकों तक, विभिन्न श्रेणियों में शेयरों के लिए मजबूत मांग दर्ज की गई।

QIB कैटेगरी 70 गुना से अधिक सब्सक्राइब

आईपीओ में बड़े संस्थागत निवेशकों यानी क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) की श्रेणी 70.55 गुना सब्सक्राइब हुई। गैर-संस्थागत निवेशकों (NII) की श्रेणी में 14 गुना, रिलायंस शेयरधारक कोटे में 7.60 गुना और कर्मचारी कोटे में 2.93 गुना सब्सक्रिप्शन दर्ज किया गया।

खुदरा निवेशकों के लिए करीब 8.5 करोड़ शेयर उपलब्ध थे, जबकि इस श्रेणी में 23 करोड़ से अधिक शेयरों के लिए बोलियां मिलीं। इस तरह रिटेल कैटेगरी में उपलब्ध शेयरों के मुकाबले 2.72 गुना मांग रही।

कितने निवेशकों को मिलेगा शेयरों का अलॉटमेंट?

आईपीओ के बंद होने के बाद अब निवेशकों की नजर शेयरों के आवंटन पर है। हालांकि, सब्सक्रिप्शन का अनुपात किसी निवेशक को शेयर मिलने की सीधी संभावना नहीं बताता। आवंटन वैध आवेदनों, न्यूनतम लॉट और संबंधित श्रेणी के लिए लागू नियमों के अनुसार किया जाएगा।

निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, 26 अक्टूबर को शेयरों का अलॉटमेंट, 27 अक्टूबर को सफल आवेदकों के डीमैट खातों में शेयर क्रेडिट और 28 अक्टूबर को बीएसई तथा एनएसई पर जियो प्लेटफॉर्म्स की लिस्टिंग प्रस्तावित है।

वारी एनर्जीज का रिकॉर्ड भी टूटा

आवेदनों की संख्या के लिहाज से जियो आईपीओ ने इससे पहले का रिकॉर्ड बड़े अंतर से पीछे छोड़ दिया। अक्टूबर 2024 में वारी एनर्जीज के आईपीओ को 97.34 लाख आवेदन मिले थे। जियो आईपीओ में आवेदनों की संख्या 1.38 करोड़ से अधिक पहुंच गई।

बिडिंग के पहले दिन जियो आईपीओ को करीब 30.5 लाख आवेदन मिले थे। दूसरे दिन के अंत तक यह संख्या 75 लाख के पार हो गई और तीसरे दिन बोली प्रक्रिया समाप्त होने तक आवेदनों का आंकड़ा 1.38 करोड़ से अधिक हो गया।

आकाश अंबानी के जन्मदिन पर बिडिंग पूरी

जियो आईपीओ की क्लोजिंग का दिन एक और वजह से चर्चा में रहा। शुक्रवार, 23 अक्टूबर को जियो प्लेटफॉर्म्स के मैनेजिंग डायरेक्टर आकाश अंबानी का जन्मदिन भी था। इसी दिन कंपनी के आईपीओ की बिडिंग पूरी हुई और आवेदन संख्या के मामले में नया रिकॉर्ड दर्ज किया गया।

Tags