मोबाइल ग्राहक जोड़ने में जियो फिर सबसे आगे, अगस्त में 24 लाख नए कनेक्शन
नई दिल्ली, 28 सितंबर 2026। देश के मोबाइल टेलीकॉम बाजार में ग्राहक जोड़ने के मामले में जियो ने अगस्त में एक बार फिर सबसे अधिक बढ़ोतरी दर्ज की। टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (TRAI) के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, अगस्त के दौरान जियो के कुल मोबाइल सब्सक्राइबर करीब 24 लाख बढ़े। इस मामले में एयरटेल दूसरे स्थान पर रहा।
TRAI के आंकड़ों के अनुसार, अगस्त में एयरटेल के मोबाइल ग्राहकों की संख्या करीब 21.1 लाख, वोडाफोन आइडिया (Vi) के करीब 5.06 लाख और बीएसएनएल के करीब 4.93 लाख बढ़े। महीने के अंत तक जियो का कुल मोबाइल ग्राहक आधार बढ़कर करीब 50.84 करोड़ हो गया।
M2M कनेक्शन हटाने पर जियो की बढ़त और स्पष्ट
कुल मोबाइल ग्राहक आंकड़ों में केवल सामान्य मोबाइल यूजर्स ही शामिल नहीं होते, बल्कि M2M (Machine-to-Machine) कनेक्शन भी शामिल होते हैं। इन सिम का इस्तेमाल मशीनों, वाहनों और अन्य उपकरणों में किया जाता है।अगर M2M कनेक्शनों को अलग कर सामान्य मोबाइल ग्राहकों की संख्या देखें, तो अगस्त में जियो ने करीब 18.6 लाख नए ग्राहक जोड़े।
वहीं, एयरटेल के सामान्य मोबाइल ग्राहकों की संख्या में करीब 5 लाख की बढ़ोतरी हुई।इस आधार पर जियो ने एयरटेल की तुलना में करीब 3.7 गुना अधिक सामान्य मोबाइल ग्राहक जोड़े। अगस्त के अंत में M2M कनेक्शन को हटाकर जियो का मोबाइल ग्राहक आधार करीब 48.13 करोड़ रहा और इस श्रेणी में कंपनी की बाजार हिस्सेदारी लगभग 41.7 प्रतिशत रही।
एक्टिव ग्राहकों की संख्या में भी जियो आगे
मोबाइल ग्राहक आधार बढ़ाने के साथ-साथ इस्तेमाल में मौजूद यानी एक्टिव मोबाइल ग्राहकों की संख्या में भी जियो ने बढ़त दर्ज की। TRAI के आंकड़ों पर आधारित विश्लेषण के मुताबिक, M2M कनेक्शन को हटाने के बाद अगस्त में जियो के एक्टिव ग्राहकों की संख्या में करीब 17 लाख की वृद्धि हुई। प्रमुख निजी टेलीकॉम ऑपरेटरों में इस अवधि के दौरान एक्टिव ग्राहकों की संख्या में सकारात्मक बढ़ोतरी दर्ज करने वाला जियो अकेला ऑपरेटर रहा। आंकड़े संकेत देते हैं कि अगस्त में जियो ने न केवल कुल मोबाइल ग्राहक जोड़ने में बढ़त बनाए रखी, बल्कि सामान्य मोबाइल यूजर्स और एक्टिव ग्राहक आधार के मामले में भी अपनी स्थिति मजबूत की।
