जियो की ‘स्मार्ट शॉप’ से ऑफलाइन दुकानदारों को मिलेगी ऑनलाइन कारोबार जैसी डिजिटल ताकत

Jio’s ‘Smart Shop’ will give offline retailers digital capabilities akin to online businesses.
 
जियो की ‘स्मार्ट शॉप’ से ऑफलाइन दुकानदारों को मिलेगी ऑनलाइन कारोबार जैसी डिजिटल ताकत

नई दिल्ली, 7 अक्टूबर 2026। देश में तेजी से बदलते रिटेल कारोबार के बीच जियो ने ऑफलाइन दुकानदारों के लिए अपनी नई ‘स्मार्ट शॉप’ पहल पेश की है। इसका उद्देश्य छोटे और पारंपरिक कारोबारियों को डिजिटल टूल्स से जोड़कर ग्राहकों तक पहुंच बढ़ाने और उन्हें दोबारा दुकान पर लाने की प्रक्रिया को आसान बनाना है। जियो की इस तकनीक का प्रदर्शन इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2026 में किया जा रहा है, जो 7 से 10 अक्टूबर तक दिल्ली में आयोजित हो रही है।

सोशल मीडिया से दुकान तक ग्राहक लाने की कोशिश

किसी भी स्थानीय दुकान के लिए उसका आसपास का इलाका यानी कैचमेंट एरिया महत्वपूर्ण होता है। इसी क्षेत्र में रहने वाले लोग उसके प्रमुख संभावित ग्राहक होते हैं। स्मार्ट शॉप के जरिए दुकानदार सोशल मीडिया और डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल करके इन ग्राहकों तक पहुंच बनाने की कोशिश कर सकता है।

प्रस्तुति के मुताबिक, जियो का सिस्टम हैप्टिक सोलो और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से दुकानदार को इंस्टाग्राम के लिए डिजिटल कैटलॉग और सोशल मीडिया पोस्ट तैयार करने में सहायता करता है। इसके जरिए स्थानीय ग्राहकों तक प्रचार सामग्री पहुंचाने और उन्हें दुकान तक आकर्षित करने की प्रक्रिया को एक ही डिजिटल सिस्टम से संचालित करने का प्रयास किया गया है।

QR कोड से वाई-फाई और ऑफर की सुविधा

ग्राहक के दुकान पर पहुंचने के बाद भी डिजिटल कनेक्शन बनाए रखने के लिए स्मार्ट शॉप में QR कोड आधारित सुविधा दी गई है। ग्राहक QR कोड स्कैन करके दुकान के वाई-फाई से जुड़ सकता है।इसके साथ ही दुकान पर उपलब्ध ऑफर और डिस्काउंट कूपन भी ग्राहक को व्हाट्सऐप के जरिए उपलब्ध कराए जा सकते हैं। इससे ग्राहक को तत्काल ऑफर की जानकारी मिलती है, जबकि दुकानदार के लिए ग्राहक के साथ डिजिटल रूप से जुड़े रहने का एक माध्यम तैयार होता है।

डैशबोर्ड बताएगा ग्राहक की विजिट का डेटा

स्मार्ट शॉप का डैशबोर्ड दुकानदार को ग्राहकों से संबंधित विभिन्न जानकारियां देखने की सुविधा देने के लिए तैयार किया गया है। इसमें यह देखा जा सकता है कि ग्राहक कब दुकान पर आया, किस आउटलेट पर आया, कितनी देर रुका और वह नया ग्राहक है या पहले भी दुकान पर आ चुका है।यदि किसी कारोबारी के एक से अधिक आउटलेट हैं, तो अलग-अलग दुकानों से जुड़ी जानकारी को एक ही डैशबोर्ड पर देखने की सुविधा भी इस समाधान का हिस्सा बताई गई है।

एक ही प्लेटफॉर्म पर डिजिटल रिटेल टूल्स

जियो स्मार्ट शॉप का मूल विचार ग्राहक को डिजिटल तरीके से खोजने, दुकान तक लाने, उसकी विजिट को समझने और दोबारा जोड़ने की प्रक्रिया को एक ही सिस्टम में जोड़ना है।कंपनी इसे केवल वाई-फाई सेवा के तौर पर नहीं, बल्कि ‘सिंगल पार्टनर, फुल स्टैक’ रिटेल समाधान के रूप में प्रस्तुत कर रही है। इसका मतलब है कि दुकानदारों को अलग-अलग डिजिटल जरूरतों के लिए कई टूल और वेंडर पर निर्भर रहने के बजाय एकीकृत समाधान उपलब्ध कराने की कोशिश।फिलहाल स्मार्ट शॉप को टेक्नोलॉजी डेमो के तौर पर प्रदर्शित किया गया है। कंपनी इस सिस्टम में भविष्य में कितने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जोड़ेगी, इसे लेकर अभी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

Tags