विद्यार्थियों के UDISE डेटा की समीक्षा को लेकर संयुक्त शिक्षा निदेशक ने की ऑनलाइन बैठक

Joint Director of Education holds online meeting to review students' UDISE data.
 
विद्यार्थियों के UDISE डेटा की समीक्षा को लेकर संयुक्त शिक्षा निदेशक ने की ऑनलाइन बैठक
लखनऊ। माध्यमिक शिक्षा विभाग में नवीन शैक्षिक सत्र के तहत कक्षा 9 और कक्षा 11 में नवप्रवेशी विद्यार्थियों के UDISE (यूनिफाइड डिस्ट्रिक्ट इंफॉर्मेशन सिस्टम फॉर एजुकेशन) डेटा को राष्ट्रीय पोर्टल पर प्रदर्शित आंकड़ों से पूर्णतः मेल कराने के उद्देश्य से संयुक्त शिक्षा निदेशक, लखनऊ मंडल डॉ. प्रदीप कुमार सिंह की अध्यक्षता में ऑनलाइन समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में लखनऊ मंडल के सभी छह जनपद—लखनऊ, हरदोई, उन्नाव, सीतापुर, लखीमपुर खीरी और रायबरेली—के समग्र शिक्षा (माध्यमिक) के जिला समन्वयक तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालयों के UDISE पोर्टल प्रभारी शामिल हुए।

संयुक्त शिक्षा निदेशक कार्यालय के मंडलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि पिछले सप्ताह प्रदेश स्तर पर हुई समीक्षा बैठक में कई जनपदों में कक्षा 8 उत्तीर्ण कर कक्षा 9 में तथा कक्षा 10 उत्तीर्ण कर कक्षा 11 में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों के UDISE डेटा की फीडिंग अपेक्षाकृत धीमी पाई गई थी। साथ ही, स्थानीय स्तर पर उपलब्ध आंकड़ों और राष्ट्रीय UDISE पोर्टल पर प्रदर्शित डेटा में भी अंतर देखने को मिला था।

उन्होंने बताया कि इन विसंगतियों को दूर करने तथा सभी विद्यार्थियों का डेटा समयबद्ध और सही तरीके से अपडेट कराने के उद्देश्य से यह मंडलीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।बैठक के दौरान डॉ. प्रदीप कुमार सिंह ने सभी जिला समन्वयकों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने जनपदों में UDISE डेटा फीडिंग कार्य में तेजी लाएं और यह सुनिश्चित करें कि स्थानीय अभिलेखों एवं राष्ट्रीय UDISE पोर्टल पर प्रदर्शित आंकड़ों में पूर्ण समानता बनी रहे। उन्होंने कहा कि डेटा की शुद्धता और समय पर अद्यतन होना शिक्षा विभाग की प्राथमिकता है।

संयुक्त शिक्षा निदेशक ने यह भी जानकारी दी कि UDISE पोर्टल पर विद्यार्थियों के आंकड़ों की प्रगति की समीक्षा अब प्रत्येक सप्ताह ऑनलाइन बैठक के माध्यम से की जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की त्रुटि या विसंगति का समय रहते निराकरण किया जा सके।

Tags