संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल ने युवा प्रकोष्ठ की कार्यकारिणी की भंग, एक माह में होगा पुनर्गठन

Sanyukt Udyog Vyapar Mandal has dissolved the executive committee of its youth wing; it will be reconstituted within one month.
 
sds

लखनऊ। संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल की एक महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को लखनऊ के जानकीपुरम स्थित 60 फीट रोड पर आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से युवा प्रकोष्ठ, उत्तर प्रदेश की पूरी कार्यकारिणी भंग करने का निर्णय लिया गया। साथ ही प्रदेश, जिला और नगर स्तर की सभी इकाइयों का एक महीने के भीतर पुनर्गठन करने पर सहमति बनी। इस प्रक्रिया में संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी सहयोग करेंगे।

बैठक में व्यापारियों ने लगातार प्रभावित हो रहे कारोबार और बार-बार लागू किए जा रहे नए नियमों को लेकर चिंता जताई। उनका कहना था कि विभिन्न विभागों की ओर से लगातार नए नियम और आदेश जारी होने के कारण व्यापारियों के सामने व्यावहारिक कठिनाइयां बढ़ रही हैं। एक नियम के अनुसार कारोबार की व्यवस्था तैयार करने के बाद दूसरा नया आदेश सामने आ जाता है। इससे व्यापारियों को अपनी कार्यप्रणाली में बार-बार बदलाव करना पड़ता है और व्यापार करना चुनौतीपूर्ण होता जा रहा है।

मुख्यमंत्री तक पहुंचेंगी व्यापारियों की समस्याएं

व्यापारियों की चिंताओं पर संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष अंजनी कुमार पांडेय ने समस्याओं को गंभीरता से सुना और उन्हें दर्ज किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि व्यापारियों की मांगों और परेशानियों से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अवगत कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि संगठन व्यापारियों को राहत दिलाने के लिए उनकी समस्याओं को सरकार के समक्ष प्रभावी तरीके से उठाएगा।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने भरोसा जताया कि व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक नियमों में संशोधन और समस्याओं के समाधान के लिए संगठन लगातार प्रयास करेगा।

बैठक में कई पदाधिकारी रहे मौजूद

बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष अंजनी कुमार पांडेय के अलावा मनोज सिंह ठाकुर, सूर्य नारायण तिवारी, प्रवीण मणि त्रिपाठी, प्रमोद मिश्रा, राम तिवारी, प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र निगम, जानकी शरण शुक्ला, संतलाल, रवि मोहन श्रीवास्तव, राजकुमार गुप्ता, नगर अध्यक्ष संजय गुप्ता और अमित निगम समेत संगठन के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में संगठनात्मक पुनर्गठन के साथ व्यापारियों की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने और उनके हितों की रक्षा के लिए मिलकर काम करने पर जोर दिया गया।

Tags