संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल के द्वितीय चरण के चुनाव परिणाम घोषित
लखनऊ, 23 अगस्त 2026। संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल, उत्तर प्रदेश के द्वितीय चरण के संगठनात्मक चुनाव के परिणाम रविवार को वैदिक कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज, गणेशगंज, लखनऊ में घोषित किए गए। चुनाव परिणाम की घोषणा नामित पूर्व राजपत्रित अधिकारी संतलाल, सूर्यनारायण तिवारी एवं संरक्षक डॉ. जानकी शरण शुक्ला ने की।
चुनाव में जितेंद्र निगम को प्रदेश अध्यक्ष, अनुपम सिंह को मंडल अध्यक्ष, संतोष सिंह सरदार को लखनऊ जिला अध्यक्ष, संजय गुप्ता को लखनऊ नगर अध्यक्ष तथा शिवम नरूला को नगर महासचिव निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।
चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद संगठन के पदाधिकारियों एवं व्यापारियों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी। इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष अंजनी कुमार पांडे ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए संगठन को और मजबूत बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारी एक माह के भीतर अपनी-अपनी टीम का गठन कर इसकी जानकारी कोर कमेटी को उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर शासन और प्रशासन तक पहुंचाकर उनके समाधान के लिए प्रभावी प्रयास किए जाने चाहिए।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रमोद मिश्रा, राष्ट्रीय सचिव प्रवीण मणि त्रिपाठी, प्रदेश महासचिव मनोज सिंह ठाकुर, प्रदेश मीडिया प्रभारी राजकुमार गुप्ता, प्रदेश महिला अध्यक्ष मनु वैश्य, जिला महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष नीतू बाजपेई, जिला उपाध्यक्ष नितिन सचान सहित संगठन के विभिन्न पदाधिकारी मौजूद रहे।
इसके अलावा आशियाना अध्यक्ष रामशंकर दूबे, गोमती नगर अध्यक्ष मुकेश शुक्ला, कैंपल रोड अध्यक्ष शैलेंद्र गुप्ता, ऐशबाग अध्यक्ष मोहम्मद जाकिर सहित वीरेंद्र पाल, करुणेश प्रताप सिंह, शिवम राजपूत, जगदीश शर्मा, गुलाब सिंह यादव, अखिलेश शुक्ला, तालिब सिद्दीकी, मोहम्मद अकबर शेख, प्रभाकर मिश्रा, अनुपम सिंह, सैयद जाहिर चिश्ती, अवनीश मिश्रा, राजू यादव और भूपेंद्र सिंह चौहान समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं व्यापारी उपस्थित रहे।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने संगठन की नीतियों के अनुरूप व्यापारी हितों के लिए कार्य करने और व्यापारियों की समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाकर उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।
