पत्रकार के यहां चोरी का खुलासा, सहयोग करने वालों को जिलाध्यक्ष ने दिया धन्यवाद
Theft at journalist's house revealed, District President thanks those who helped
Sat, 14 Mar 2026
प्रयागराज। वरिष्ठ पत्रकार एवं ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश, जनपद प्रयागराज के जिला महामंत्री दिलीप केसरवानी की टायर की दुकान, जो जारी बाजार के मुख्य मार्ग पर स्थित है, में बीती रात लगभग दो लाख रुपये की चोरी का मामला सामने आया था। इस घटना को लेकर पत्रकार संगठन और पुलिस प्रशासन के संयुक्त प्रयास से मामले में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है।
इस संबंध में ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के जिलाध्यक्ष अयोध्या प्रसाद केसरवानी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन से लगातार संपर्क किया गया। उन्होंने पुलिस कमिश्नर, जिलाधिकारी, डीसीपी यमुनापार, एसीपी कौंधियारा, थाना अध्यक्ष कौंधियारा तथा थाना अध्यक्ष घूरपुर सहित अन्य अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर मामले के शीघ्र खुलासे का आग्रह किया।
उन्होंने बताया कि संगठन के जिला पदाधिकारियों—कार्यवाहक अध्यक्ष विपिन बिहारी लाल गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष उमाशंकर गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष डॉ. लालचंद पटेल तथा तहसील अध्यक्ष मो. अली भैयन समेत अन्य पदाधिकारियों और पत्रकार साथियों ने भी मामले में लगातार प्रयास किए। सभी की सक्रियता और सहयोग के परिणामस्वरूप चोरी के इस मामले में बड़ी सफलता मिली है।
जिलाध्यक्ष अयोध्या प्रसाद केसरवानी ने इस सफलता के लिए पुलिस प्रशासन, संगठन के पदाधिकारियों तथा जनपद की 12 तहसीलों से जुड़े सभी पत्रकार साथियों को धन्यवाद और बधाई दी है। उन्होंने सभी पत्रकार साथियों से अपील की है कि इस सफलता से संबंधित समाचार अपने-अपने समाचार पत्रों में प्रकाशित करें, ताकि इस सामूहिक प्रयास की जानकारी जनसामान्य तक पहुंच सके।
