काकोरी ट्रेन एक्शन की 101वीं वर्षगांठ पर कवि सम्मेलन एवं मुशायरा आयोजित
कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व राज्यसभा सांसद एवं उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान के पूर्व अध्यक्ष डॉ. उदय प्रताप सिंह ने की। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविंद कुमार सिंह गोप मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने काकोरी ट्रेन एक्शन के क्रांतिकारियों को नमन करते हुए उनके बलिदान, एकता, साहस और राष्ट्रप्रेम को याद किया।
अरविंद कुमार सिंह गोप ने कहा कि देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों का त्याग सदैव राष्ट्र को प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने कहा कि आजादी के आंदोलन के इन महानायकों की स्मृतियों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना समाज की जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर शिक्षा, व्यापार, तकनीकी, चिकित्सा और सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले चिकित्सकों, व्यापारियों, शिक्षाविदों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में सदर विधायक धर्मराज सिंह उर्फ सुरेश यादव, पूर्व विधान परिषद सदस्य राजेश यादव राजू, साझी विरासत के संयोजक परवेज अहमद, अध्यक्ष अंकुर माथुर, फरहान वास्ती और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता दीपक रंजन सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कवि सम्मेलन और मुशायरे में शायरों एवं कवियों ने देशभक्ति, भाईचारे, प्रेम और सामाजिक एकता से ओतप्रोत रचनाएं प्रस्तुत कीं। गीतों और गजलों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद श्रोताओं को देर तक बांधे रखा।
साझी विरासत के संयोजक परवेज अहमद ने अपनी टीम के साथ मुख्य अतिथि अरविंद कुमार सिंह गोप का स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया। उन्होंने काकोरी के वीर क्रांतिकारियों की स्मृति में कार्यक्रम आयोजित करने के लिए आयोजन से जुड़े सभी पदाधिकारियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
