लखनऊ की कर्णिका मौर्या ने बढ़ाया प्रदेश का मान, 'मिस टीन दीवा इंडिया' में करेंगी उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व

Lucknow's Karnika Maurya brings laurels to the state; she will represent Uttar Pradesh in 'Miss Teen Diva India'.
 
vvb

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की उभरती युवा प्रतिभा कर्णिका मौर्या अब राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। 'मिस टीन दीवा उत्तर प्रदेश' का प्रतिष्ठित खिताब जीतने के बाद कर्णिका आगामी 19 जुलाई को जयपुर में आयोजित होने वाली 'मिस टीन दीवा इंडिया' प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी।


इस अवसर पर क्वीनिफाइड इवेंट्स ओपीसी प्राइवेट लिमिटेड की ओर से राजधानी लखनऊ में एक पत्रकार वार्ता आयोजित की गई, जिसमें कर्णिका की तैयारियों, उनके सपनों और अब तक के सफर की जानकारी मीडिया के साथ साझा की गई।

संस्था की संस्थापक प्रीति यादव ने कहा कि कर्णिका मौर्या ने अपनी मेहनत, अनुशासन, आत्मविश्वास और प्रभावशाली व्यक्तित्व के बल पर 'मिस टीन दीवा उत्तर प्रदेश' का खिताब अपने नाम किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि कर्णिका राष्ट्रीय मंच पर भी उत्तर प्रदेश की पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सफल होंगी। उनके अनुसार कर्णिका में एक सफल और प्रेरणादायक प्रतियोगी बनने के सभी गुण मौजूद हैं।


पत्रकारों से बातचीत के दौरान कर्णिका मौर्या ने कहा कि यह उपलब्धि उनके लिए किसी सपने के साकार होने जैसी है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। कर्णिका ने बताया कि वह प्रतियोगिता की तैयारी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कर रही हैं तथा उनका प्रयास रहेगा कि अपने प्रदर्शन से प्रदेश और देश का नाम रोशन करें।


प्रीति यादव ने कहा कि क्वीनिफाइड इवेंट्स ओपीसी प्राइवेट लिमिटेड का उद्देश्य केवल सौंदर्य प्रतियोगिताओं का आयोजन करना नहीं, बल्कि ऐसी प्रतिभाशाली युवतियों को मंच प्रदान करना है, जो अपने व्यक्तित्व, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक सरोकार और सकारात्मक सोच के माध्यम से समाज में प्रेरणादायी बदलाव ला सकें। संस्था लगातार उत्तर प्रदेश की बेटियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने के लिए कार्य कर रही है।


पत्रकार वार्ता में उपस्थित मीडिया प्रतिनिधियों ने कर्णिका मौर्या को राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अब सभी की निगाहें 19 जुलाई को जयपुर में आयोजित होने वाली 'मिस टीन दीवा इंडिया' प्रतियोगिता पर हैं, जहां उत्तर प्रदेश की यह प्रतिभाशाली बेटी अपने आत्मविश्वास, व्यक्तित्व और प्रतिभा के दम पर नया मुकाम हासिल करने के इरादे से मंच पर उतरेगी।

Tags