अस्पताल जाने से पहले इन बातों का रखें खास ध्यान, बनें मरीज के लिए सबसे बड़ी मदद
Before going to the hospital, pay special attention to these things, be the biggest help for the patient.
Wed, 25 Mar 2026
- डॉअतुल मलिकराम : जब परिवार का कोई सदस्य बीमार होकर अस्पताल में भर्ती होता है, तो रिश्तेदार और परिचित उसे देखने जरूर जाते हैं। यह हमारी भारतीय संस्कृति का हिस्सा है कि हम कठिन समय में एक-दूसरे के साथ खड़े रहें। लेकिन कई बार हमारी यही भावना अनजाने में मरीज और उसके परिवार के लिए परेशानी का कारण भी बन जाती है। ऐसे में अस्पताल जाते समय कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना बेहद आवश्यक है।
अस्पताल में भर्ती मरीज पहले से ही शारीरिक और मानसिक तनाव से गुजर रहा होता है। ऐसे में हमारा व्यवहार संवेदनशील और समझदारी भरा होना चाहिए। हमारी उपस्थिति उसे सुकून दे, न कि उसका तनाव बढ़ाए। यदि संभव हो, तो आर्थिक सहयोग करना भी परिवार के लिए बड़ी राहत बन सकता है। इलाज, दवाइयों और जांच का खर्च अक्सर भारी होता है, ऐसे में छोटी-सी मदद भी बहुत मायने रखती है।
आजकल एक आम प्रवृत्ति यह भी देखने को मिलती है कि लोग बिना जानकारी के डॉक्टर बनने की कोशिश करते हैं। इंटरनेट या सुनी-सुनाई बातों के आधार पर सलाह देना मरीज और उसके परिवार के तनाव को बढ़ा सकता है। इलाज का कार्य डॉक्टर का है, इसलिए हमें केवल भावनात्मक समर्थन देना चाहिए। मरीज के सामने हमेशा सकारात्मक बातें करें—“आप जल्द ठीक हो जाएंगे” जैसे शब्द उसका मनोबल बढ़ाते हैं।
साफ-सफाई और संक्रमण से बचाव का विशेष ध्यान रखें। हाथों की स्वच्छता, मास्क का उपयोग और अस्पताल के नियमों का पालन बेहद जरूरी है, क्योंकि वहां भर्ती मरीजों की रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर होती है। यदि स्वयं को खांसी, जुकाम या बुखार हो, तो अस्पताल जाने से बचें।
मरीज को सबसे अधिक जरूरत आराम की होती है। इसलिए ज्यादा देर तक उसके पास बैठना या लंबी बातचीत करना उचित नहीं है। थोड़ी देर मिलकर उसका हौसला बढ़ाएं और फिर वापस लौट आएं। इसी तरह, एक साथ अधिक लोगों का जाना भी उचित नहीं है। भीड़ से मरीज और अस्पताल दोनों को परेशानी होती है, इसलिए सीमित संख्या में ही मुलाकात करें।
अस्पताल में शांति बनाए रखना भी जरूरी है। तेज आवाज में बात करना, हंसना या मोबाइल पर ऊंची आवाज में बात करना अन्य मरीजों के लिए असुविधाजनक होता है। मोबाइल को साइलेंट रखें और धीरे बोलें। साथ ही मरीज की निजता का सम्मान करें। अनावश्यक सवाल पूछना या रिपोर्ट देखने की जिद करना उचित नहीं है।
डॉक्टर और अस्पताल स्टाफ अपने कार्य में प्रशिक्षित होते हैं। उनके काम में हस्तक्षेप करना या उनसे बहस करना गलत है। यदि कोई शंका हो, तो उसे विनम्रता से पूछें। खाने-पीने की चीजें ले जाते समय सावधानी बरतें। हर मरीज की डाइट अलग होती है, इसलिए बिना पूछे कुछ भी देना नुकसानदायक हो सकता है। पहले परिवार या डॉक्टर से अनुमति लें।
मरीज के साथ व्यवहार करते समय दया दिखाने के बजाय उसे भावनात्मक रूप से मजबूत बनाना ज्यादा जरूरी है। “बेचारा” जैसे शब्द उसकी हिम्मत को कमजोर करते हैं, जबकि सकारात्मकता उसे ताकत देती है।
सिर्फ हालचाल पूछना ही पर्याप्त नहीं होता, बल्कि जरूरत पड़ने पर व्यावहारिक मदद करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है—जैसे दवा लाना, रिपोर्ट लेना, ब्लड की व्यवस्था करना या परिवार की अन्य जरूरतों में सहयोग करना।
अंत में, यह समझना जरूरी है कि अस्पताल जाना केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि एक जिम्मेदारी है।
हमारा व्यवहार, हमारी संवेदनशीलता और हमारा सहयोग ही मरीज के लिए सबसे बड़ी दवा बन सकता है। जब भी अस्पताल जाएं, इस बात का ध्यान रखें कि आपका उद्देश्य मरीज को राहत देना हो, न कि परेशानी।
