पर्यावरण दिवस पर खुन खुन जी गर्ल्स पी.जी. कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम, छात्राओं ने ली पर्यावरण रक्षा की शपथ

लखनऊ डेस्क (आर.एल. पाण्डेय)
"स्वच्छ पर्यावरण, स्वस्थ जीवन" की थीम के साथ खुन खुन जी गर्ल्स पी.जी. कॉलेज, चौक, लखनऊ में विश्व पर्यावरण दिवस पर एक प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कॉलेज की प्राचार्या डॉ. अंशु केडिया के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इसमें छात्राओं, NCC कैडेट्स, शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
पर्यावरण रक्षा की शपथ
कार्यक्रम की शुरुआत में डॉ. शगुन रोहतगी ने उपस्थित सभी प्रतिभागियों को पर्यावरण सरंक्षण हेतु शपथ दिलाई। सभी ने संकल्प लिया कि:
-
वे पर्यावरण को स्वच्छ और हरित बनाए रखने के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।
-
अधिक से अधिक वृक्षारोपण करेंगे और पेड़ों की देखभाल तब तक करेंगे जब तक वे बड़े न हो जाएं।
-
बाजार या अन्य स्थानों पर कपड़े या जूट के थैले का उपयोग करेंगे और प्लास्टिक से परहेज करेंगे।
-
जल और ऊर्जा की अनावश्यक बर्बादी नहीं करेंगे।
-
दूसरों को भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करेंगे।
सभी ने प्रतिज्ञा ली कि वे जिम्मेदार नागरिक के रूप में प्रकृति के प्रति अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करेंगे।
एनसीसी द्वारा स्लोगन प्रतियोगिता
कार्यक्रम के दौरान एनसीसी कैडेट्स द्वारा पर्यावरण संरक्षण पर आधारित स्लोगन प्रतियोगिता आयोजित की गई। निर्णायक की भूमिका में निरंजन शर्मा ने विजेताओं का चयन किया:
-
प्रथम स्थान: अंजली गौतम
-
द्वितीय स्थान: करिश्मा चौरसिया
जन्मदिन पर पौधरोपण की प्रेरणा
अपने प्रेरणादायक संबोधन में प्राचार्या डॉ. अंशु केडिया ने छात्राओं से आग्रह किया कि वे अपने विशेष अवसरों जैसे जन्मदिन पर एक छायादार पेड़ का पौधा लगाएं और उसकी देखभाल करें। उन्होंने कहा,
"जिस तरह हमारी उम्र बढ़ती है, उसी तरह वो पेड़ भी बड़ा होता है। यह प्रकृति और समाज के प्रति हमारा सकारात्मक योगदान हो सकता है। देश को हरा-भरा रखना हम सबकी जिम्मेदारी है।"
कार्यक्रम में उपस्थिति
इस अवसर पर कॉलेज की एनसीसी ए.एन.ओ. डॉ. प्रियंका, सभी शिक्षकाएं व कॉलेज स्टाफ की उपस्थिति रही। पूरा आयोजन पर्यावरण के प्रति सजग नागरिक बनने की प्रेरणा का प्रतीक बना।