Kushal Business Challenge Lucknow: राजकीय विद्यालयों में जागेगी उद्यमशीलता की अलख, लखनऊ मंडल के मास्टर ट्रेनर्स का प्रशिक्षण 5 अगस्त से
Kushal Business Challenge Master Trainer Training Lucknow: उत्तर प्रदेश के राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में पढ़ रहे विद्यार्थियों के अंदर उद्यमिता, नवाचार और नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक बड़ी पहल की जा रही है। अपर राज्य परियोजना निदेशक, समग्र शिक्षा (माध्यमिक) के निर्देशों के क्रम में 'कुशल बिज़नेस चैलेंज' (KBC) कार्यक्रम के लिए दो दिवसीय राज्य स्तरीय आवासीय मास्टर ट्रेनर प्रशिक्षण की तिथियों की घोषणा कर दी गई है।
यह विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम 5 और 6 अगस्त 2026 को सेंटर फॉर एक्सीलेंस एंड ट्रेनिंग, उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद, सेक्टर-14 इंदिरा नगर, लखनऊ में पूरी तरह से आवासीय परिसर में आयोजित किया जाएगा।
कक्षा 11 के छात्रों में विकसित होगी 'इंटरप्रेन्योरशिप माइंडसेट'
मण्डलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP 2020) के उद्देश्यों के तहत यह कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य:
-
राजकीय बालक और बालिका इंटर कॉलेजों के कक्षा 11 के विद्यार्थियों में उद्यमशीलता (Entrepreneurship), नवाचार (Innovation), समस्या-समाधान (Problem Solving) और व्यावसायिक कौशलों को प्रोत्साहित करना है।
-
यह कार्यक्रम लखनऊ मंडल के सभी 6 जनपदों—लखनऊ, हरदोई, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, उन्नाव और रायबरेली के सभी राजकीय इंटर कॉलेजों में लागू किया जाएगा।
🏫 लखनऊ मंडल से 12 मास्टर ट्रेनर्स का हुआ चयन
कार्यक्रम के सुचारू व प्रभावी क्रियान्वयन के लिए राज्य स्तर पर प्रत्येक जिले से 2-2 मास्टर ट्रेनर्स का चयन किया गया है। इस प्रकार लखनऊ मंडल के छह जिलों से कुल 12 अनुभवी मास्टर ट्रेनर्स दो दिवसीय गहन आवासीय प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।
🏛️ संयुक्त शिक्षा निदेशक ने दिए निर्देश
प्रशिक्षण को लेकर संयुक्त शिक्षा निदेशक (लखनऊ मंडल) डॉ. प्रदीप कुमार सिंह ने मंडल के सभी छह जिला विद्यालय निरीक्षकों (DIOS) को पत्र जारी कर निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने जनपदों से चयनित दोनों मास्टर ट्रेनर्स को 5 और 6 अगस्त को होने वाले प्रशिक्षण में समय से प्रतिभाग कराना सुनिश्चित करें।
'कुशल बिजनेस चैलेंज' के जरिए सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले नन्हे इनोवेटर्स को अपनी बिजनेस और क्रिएटिव सोच को बड़े मंच पर लाने का अवसर मिलेगा, जो नए भारत के निर्माण में मील का पत्थर साबित होगा।
