लक्ष्मी नारायण मंदिर के चतुर्थ स्थापना दिवस पर गूंजा भक्ति का जयघोष

सैकड़ों श्रद्धालुओं ने धार्मिक अनुष्ठानों, भजन-कथा और विशाल भंडारे में लिया हिस्सा
 
AS

बाराबंकी। बरेठी स्थित नारायण सेवा संस्थान परिसर में बुधवार को भगवान लक्ष्मी नारायण मंदिर का चतुर्थ स्थापना दिवस श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित भव्य धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम में आसपास के गांवों और विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। भक्तों ने भगवान लक्ष्मी नारायण के दर्शन कर पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता की।

समारोह का शुभारंभ मंदिर समिति के अध्यक्ष अजय श्रीवास्तव ने भगवान लक्ष्मी नारायण की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया। इसके पश्चात हवन सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए। देवेश अवस्थी एवं अन्य कलाकारों ने भजन और कथा की प्रस्तुतियां दीं, जिससे पूरा परिसर देर तक भक्तिमय वातावरण से गूंजता रहा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संत श्री निष्ठा देव जी ने अपने संबोधन में सर्वधर्म समभाव, सामाजिक समरसता और सेवा भावना को समाज की मजबूती का महत्वपूर्ण आधार बताया। उन्होंने नारायण सेवा संस्थान और लक्ष्मी नारायण मंदिर समिति द्वारा किए जा रहे सामाजिक एवं सेवा कार्यों की सराहना की।

उन्होंने कहा कि समाजहित से जुड़े सेवा कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने के साथ युवा पीढ़ी को संस्कार, सेवा और सामाजिक जिम्मेदारियों से जोड़ना आज की आवश्यकता है। धार्मिक आयोजनों को सामाजिक चेतना और सेवा भावना से जोड़ने का भी उन्होंने आह्वान किया।

समारोह में नारायण सेवा संस्थान के संस्थापक अध्यक्ष प्रभु नारायण, मंदिर समिति अध्यक्ष अजय श्रीवास्तव, प्रबंध न्यासी के.डी. सिंह, अंजू श्रीवास्तव, नीलिमा श्रीवास्तव, ट्रस्टी आर.पी. सिंह, कोषाध्यक्ष सुधीर गुप्ता, ट्रस्टी एवं मीडिया प्रभारी अभिषेक गुप्ता, वरिष्ठ उपाध्यक्ष विपिन सिंह, संजीव श्रीवास्तव, ब्रजेश सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।

कार्यक्रम के समापन पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं और ग्रामीणों ने प्रसाद ग्रहण किया। स्थापना दिवस समारोह के दौरान पूरे दिन नारायण सेवा संस्थान परिसर भजन, धार्मिक अनुष्ठानों और श्रद्धालुओं की मौजूदगी से भक्तिमय एवं आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर रहा।

Tags