एसएमएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के संस्थापक स्वर्गीय एस.के. सिंह को लाइफटाइम अवॉर्ड से सम्मानित
लखनऊ। एसएमएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के संस्थापक एवं प्रेरणास्रोत स्वर्गीय श्री एस.के. सिंह को उनके दूरदर्शी नेतृत्व और शिक्षा के क्षेत्र में योगदान के लिए प्रतिष्ठित लाइफटाइम अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। यह सम्मान इंडिया इन्वेस्टर्स फेडरेशन द्वारा आयोजित वार्षिक लीडरशिप समिट-2026 में प्रदान किया गया।
लखनऊ स्थित होटल ताज में आयोजित समारोह में उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ तथा संसदीय कार्य एवं औद्योगिक विकास विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जसवंत सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
स्वर्गीय एस.के. सिंह की ओर से यह प्रतिष्ठित सम्मान उनके सुपुत्र एवं एसएमएस लखनऊ के सचिव एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी शरद सिंह ने ग्रहण किया।
इस अवसर पर शरद सिंह ने अपने पिता को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि स्वर्गीय एस.के. सिंह की दूरदर्शिता, उनके द्वारा स्थापित उच्च मानदंड और संस्थान के लिए निर्धारित उद्देश्य आज भी एसएमएस के मार्गदर्शक सिद्धांत हैं। उन्होंने कहा कि उनके पिता की प्रेरणा ने संस्थान की नींव को मजबूत आधार दिया और उनके मूल्यों एवं आदर्शों को आगे बढ़ाना पूरे एसएमएस परिवार की निरंतर प्रतिबद्धता है।
शरद सिंह ने इस सम्मान के लिए इंडिया इन्वेस्टर्स फेडरेशन और जूरी के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार स्वर्गीय एस.के. सिंह के दूरदर्शी नेतृत्व, शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान और संस्थान के प्रति उनकी समर्पित सेवाओं को सम्मानित करने वाला है।
उन्होंने कहा कि स्वर्गीय एस.के. सिंह को मिला यह सम्मान केवल उनके परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे एसएमएस परिवार के लिए गौरव और प्रेरणा का विषय है। यह पुरस्कार संस्थान को उनके विचारों और मूल्यों के अनुरूप आगे बढ़ने के लिए निरंतर प्रेरित करता रहेगा।
मीडिया सेल
एस.एम.एस. लखनऊ
