पीएम स्वनिधि योजना के 6 वर्ष पूर्ण होने पर बलरामपुर में लोक कल्याण मेला एवं सम्मान समारोह आयोजित
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद बलरामपुर के अध्यक्ष प्रतिनिधि डी.पी. सिंह बैस ने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना छोटे व्यापारियों एवं पथ विक्रेताओं के लिए अत्यंत लाभकारी साबित हो रही है। उन्होंने बताया कि योजना के माध्यम से पथ विक्रेता अपने व्यवसाय का विस्तार कर आत्मनिर्भर बन रहे हैं और उनकी आर्थिक स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है।

इस अवसर पर बैंकों द्वारा लाभार्थियों को प्रथम चरण में 15 हजार रुपये, द्वितीय चरण में 25 हजार रुपये तथा तृतीय चरण में 50 हजार रुपये तक के ऋण स्वीकृति एवं वितरण से संबंधित प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। साथ ही डिजिटल लेनदेन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से क्यूआर कोड का भी वितरण किया गया।
कार्यक्रम में डूडा के परियोजना अधिकारी लालचंद मौर्या, डूडा प्रबंधक अखिलेश कुमार सिंह, सामुदायिक आयोजक देवेश कुमार तथा नगर पालिका परिषद के लिपिक राम नारायण यादव, महेंद्र कुमार, दीपक सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

लोक कल्याण मेले के दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा लोगों से इन योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया गया। इसके अलावा सरकार द्वारा संचालित अन्य योजनाओं के माध्यम से जरूरतमंद वर्गों को सशक्त बनाने के प्रयासों पर भी प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पथ विक्रेताओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना, उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ना तथा आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना रहा। इस पहल से लाभार्थियों को स्वरोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे और उनकी आजीविका को नई मजबूती मिलेगी।
