भगवान बुद्ध ने मानवता, शांति और करुणा का संदेश दिया : सुरेन्द्र कुमार
हरदोई। बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर कांग्रेस पार्टी अनुसूचित जाति विभाग उत्तर प्रदेश के प्रदेश महासचिव एवं बालामऊ विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी सुरेन्द्र कुमार ने कुकुही बालामऊ स्थित बहुजन बौद्ध विहार पहुंचकर भगवान बुद्ध को नमन किया और क्षेत्रवासियों को बुद्ध पूर्णिमा की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भगवान गौतम बुद्ध ने सदैव मानवता, शांति, करुणा और अहिंसा का संदेश दिया। उनका जीवन त्याग, तपस्या और सत्य की खोज का प्रतीक है। सुरेन्द्र कुमार ने भगवान बुद्ध के जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उनका जन्म 563 ईसा पूर्व लुंबिनी में शाक्य कुल के राजा शुद्धोधन के घर हुआ था। उनकी माता का नाम महामाया था, जिनका बुद्ध के जन्म के सात दिन बाद निधन हो गया था। उनका पालन-पोषण महाप्रजापती गौतमी ने किया।
उन्होंने कहा कि 29 वर्ष की आयु में सिद्धार्थ गौतम ने राजसी सुख-सुविधाओं, पत्नी यशोधरा और पुत्र राहुल को त्यागकर मानव जीवन के दुखों, जरा और मृत्यु से मुक्ति का मार्ग खोजने के लिए गृह त्याग किया। वर्षों की कठोर साधना के बाद बिहार के बोधगया में बोधि वृक्ष के नीचे उन्हें ज्ञान की प्राप्ति हुई और वे भगवान बुद्ध कहलाए।
सुरेन्द्र कुमार ने कहा कि आज भगवान बुद्ध के विचार और संदेश पूरे विश्व में फैल चुके हैं। उनकी शिक्षाएं मानवता को शांति और सद्भाव का मार्ग दिखाती हैं। उन्होंने कहा कि भारत को विश्वगुरु बनाने में भगवान बुद्ध के संदेशों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। कार्यक्रम में देवेंद्र कुमार गौतम, रंजीत सिंह, सूरज कुमार गौतम, शेषराम वर्मा, दुबेचंद, महेंद्र कुमार सिंह, रामकुमार रावत सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।
