अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के संरक्षक लेफ्टिनेंट कर्नल बृजपाल सिंह राठौड़ पंचतत्व में विलीन

Lieutenant Colonel Brijpal Singh Rathore, Patron of the All India Ex-Servicemen Service Council, merges with the five elements.
 
ghgdf
कानपुर। अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, कानपुर प्रांत के लगभग एक दशक तक प्रांतीय अध्यक्ष रहे और 13 अगस्त 2026 से परिषद के संरक्षक का दायित्व संभाल रहे लेफ्टिनेंट कर्नल बृजपाल सिंह राठौड़ का निधन पूर्व सैनिक समुदाय के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके निधन की सूचना से कानपुर प्रांत के अंतर्गत आने वाले विभिन्न जनपदों में शोक की लहर दौड़ गई। सरल, विनम्र, हंसमुख और लोकप्रिय व्यक्तित्व के धनी कर्नल राठौड़ अपने दृढ़ निर्णयों और संगठन के प्रति समर्पण के लिए सदैव याद किए जाएंगे।

दिवंगत लेफ्टिनेंट कर्नल बृजपाल सिंह राठौड़ का अंतिम संस्कार 30 अगस्त 2026 को करीब 1:30 बजे ड्योढ़ी घाट, गंगा नदी के तट पर सैन्य सम्मान के साथ किया गया। स्टेशन मुख्यालय, कानपुर कैंट की ओर से एक अधिकारी, कनिष्ठ अधिकारी और जवानों की टुकड़ी ने राष्ट्रीय ध्वज, सैन्य रीति-रिवाज और पुष्पांजलि के साथ दिवंगत सैनिक अधिकारी को अंतिम सलामी दी।

बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों और नागरिकों ने दी श्रद्धांजलि

अंतिम यात्रा और श्रद्धांजलि कार्यक्रम में कानपुर प्रांत के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक एवं परिषद के पदाधिकारी शामिल हुए। कानपुर प्रांत के अध्यक्ष कमांडर नवीन कटियार, फर्रुखाबाद इकाई के अध्यक्ष कैप्टन आर.के. सिंह जादौन, संरक्षक कैप्टन उदय राज सिंह, नायब सूबेदार सी.पी. सिंह परिहार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

लखनऊ से अवध प्रांत के अध्यक्ष लेफ्टिनेंट कर्नल बीरेंद्र सिंह तोमर, कन्नौज से सूबेदार प्रमोद सिंह चौहान सहित पूर्व सैनिकों और सदस्यों ने भी अंतिम संस्कार में पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। फतेहपुर इकाई से हवलदार जितेंद्र सिंह गौतम, हवलदार राजेश सिंह परिहार सहित अन्य साथी भी मौजूद रहे।

trt

कानपुर प्रांत एवं इकाई की ओर से लेफ्टिनेंट कर्नल आर.पी. यादव, विंग कमांडर आर.एस. भदौरिया, सूबेदार मेजर (ऑनरेरी लेफ्टिनेंट) चरन सिंह यादव, कैप्टन अजय सिंह चौहान, सूबेदार मेजर आर.सी. यादव, सूबेदार मेजर आर.एन. यादव, सूबेदार राम प्रसाद पाल, सूबेदार मेजर नरेंद्र कुमार मिश्रा, सूबेदार मेजर राकेश सिंह चंदेल, सूबेदार मेजर विपिन कुमार मिश्रा, ए.सी. दिलीप कुमार दीक्षित और सूबेदार एस.एन. सिंह समेत परिषद के पदाधिकारी एवं करीब 45 पूर्व सैनिक साथी अंतिम संस्कार में शामिल हुए।

इसके अलावा दिवंगत कर्नल राठौड़ के पैतृक गांव लालूपुर, घाटमपुर तथा कानपुर शहर से बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक भी अंतिम संस्कार स्थल पर पहुंचे और नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।

दशकों पुराना था पूर्व सैनिक साथियों से जुड़ाव

फर्रुखाबाद इकाई से पहुंचे कैप्टन उदय राज सिंह और नायब सूबेदार सी.पी. सिंह परिहार का लेफ्टिनेंट कर्नल बृजपाल सिंह राठौड़ के साथ वर्ष 1994 से जुड़ा आत्मीय संबंध रहा। इस दौरान साथ बिताए लंबे समय और संगठन के लिए किए गए उनके कार्यों को याद करते हुए साथियों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

पूर्व सैनिक साथियों ने कहा कि कर्नल राठौड़ का व्यक्तित्व बेहद सहज और मिलनसार था। वह संगठन के साथियों का मार्गदर्शन करने के साथ-साथ अपने निर्णयों पर दृढ़ता से कायम रहते थे। उनके निधन से परिषद ने एक अनुभवी मार्गदर्शक और अग्रज को खो दिया है।

iuop

परिषद ने जताई गहरी संवेदना

अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, कानपुर प्रांत की ओर से दिवंगत लेफ्टिनेंट कर्नल बृजपाल सिंह राठौड़ को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की गई। परिषद ने कहा कि इस कठिन समय में संगठन पूरी तरह शोकाकुल परिवार के साथ खड़ा है।

दिवंगत कर्नल राठौड़ के पुत्र देवेंद्र सिंह राठौड़ एवं अन्य परिजनों से मिलकर पूर्व सैनिक साथियों ने अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं तथा दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद ने कहा कि लेफ्टिनेंट कर्नल बृजपाल सिंह राठौड़ का संगठन और पूर्व सैनिकों के हित में किया गया योगदान लंबे समय तक स्मरण किया जाएगा। अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, कानपुर प्रांत एवं इकाई की ओर से दिवंगत लेफ्टिनेंट कर्नल बृजपाल सिंह राठौड़ को विनम्र श्रद्धांजलि।

ॐ शांति। शांति। शांति। 🙏

Tags