लखनऊ: घर में घुसा 8 फीट का अजगर, मदद के इंतजार में पूरी रात परेशान रहा परिवार
जानकारी के अनुसार, ठाकुरगंज थाना क्षेत्र की आम्रपाली चौकी अंतर्गत पुराना तोपखाना, गौशाला रोड गेट नंबर-4 निवासी सर्वेश अवस्थी के घर में 24 और 25 जुलाई की दरमियानी रात करीब एक बजे अजगर बेडरूम में दिखाई दिया। सांप को देखकर परिवार के सदस्य घबरा गए और उन्होंने तत्काल डायल 112 पर सहायता के लिए फोन किया।
परिवार का कहना है कि डायल 112 से उन्हें स्थानीय थाने से संपर्क करने की सलाह दी गई। इसके बाद उन्होंने विभिन्न अधिकारियों और वन विभाग के कई नंबरों पर संपर्क किया, लेकिन क्षेत्राधिकार और अन्य कारणों का हवाला देते हुए उन्हें अलग-अलग नंबर दिए जाते रहे। उनका आरोप है कि रातभर उन्हें एक विभाग से दूसरे विभाग में संपर्क करने के लिए कहा जाता रहा, जबकि मौके पर कोई टीम नहीं पहुंची।
परिवार के अनुसार, लंबे इंतजार के बाद उन्होंने स्वयं साहस दिखाते हुए किसी तरह अजगर को एक बोरे में बंद कर सुरक्षित रखा। इसके बाद रविवार सुबह लगभग 9:30 बजे वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और अजगर को अपने कब्जे में लेकर सुरक्षित स्थान पर ले गई।
सर्वेश अवस्थी का आरोप है कि यदि समय पर संबंधित विभागों की टीम पहुंच जाती, तो परिवार को पूरी रात भय और तनाव की स्थिति में नहीं रहना पड़ता। उन्होंने आपातकालीन परिस्थितियों में विभागों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर जोर दिया। इस संबंध में पुलिस और वन विभाग की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी है।
