राज्य स्तरीय विद्यालयीय कराटे प्रतियोगिता में लखनऊ मंडल का दबदबा, 16 स्वर्ण पदकों के साथ बना ओवरऑल चैंपियन

Lucknow Division dominates state-level school karate competition; emerges as overall champion with 16 gold medals.
 
rfrer

लखनऊ, 20 अगस्त 2026। केडी सिंह बाबू स्टेडियम स्थित श्री अटल बिहारी वाजपेयी बहुउद्देशीय हॉल में आयोजित चार दिवसीय राज्य स्तरीय विद्यालयीय कराटे प्रतियोगिता-2026 का गुरुवार को समापन हुआ। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए लखनऊ मंडल ने 16 स्वर्ण पदकों के साथ ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया।

बालक वर्ग में अंडर-14 आयु वर्ग में चार स्वर्ण पदकों के साथ वाराणसी मंडल, अंडर-17 में चार स्वर्ण पदकों के साथ मेरठ मंडल तथा अंडर-19 में तीन स्वर्ण पदकों के साथ वाराणसी मंडल विजेता रहा।

अंतिम दिन इन खिलाड़ियों ने मारी बाजी

प्रतियोगिता के अंतिम दिन अंडर-14 बालिका वर्ग में विभिन्न भार वर्गों में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। अंडर-18 किलोग्राम भार वर्ग में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की तनुष्का, अंडर-22 किलोग्राम में लखनऊ मंडल की रोशनी, अंडर-24 किलोग्राम में लखनऊ मंडल की आराध्या त्रिवेदी, अंडर-26 किलोग्राम में लखनऊ मंडल की फलक नाज तथा अंडर-30 किलोग्राम भार वर्ग में लखनऊ मंडल की दिव्यांशी विजेता रहीं।

वहीं अंडर-19 बालक वर्ग में अंडर-54 किलोग्राम भार वर्ग में लखनऊ मंडल के आर्यन गुप्ता, अंडर-58 किलोग्राम में आगरा मंडल के पंकज, अंडर-62 किलोग्राम में सहारनपुर मंडल के उत्कर्ष राठी, अंडर-66 किलोग्राम में लखनऊ मंडल के अंश लोधी तथा अंडर-70 किलोग्राम भार वर्ग में आगरा मंडल के जसवीर सिंह ने स्वर्ण पदक हासिल किया।

विजेता खिलाड़ियों को किया सम्मानित

समापन समारोह में ओवरऑल चैंपियन लखनऊ मंडल की टीम और विभिन्न भार वर्गों के विजेता खिलाड़ियों को मंडलीय उप शिक्षा निदेशक, माध्यमिक, लखनऊ मंडल पी.एन. सिंह तथा मंडलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार ने पदक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, खेल अधिकारियों, निर्णायकों और आयोजन से जुड़े कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इनमें सौरभ प्रताप सिंह, पूनम शाही, अमित कुमार सिंह, सुमित कुमार श्रीवास्तव, सरिता यादव, पुनीत रेडक्लिफ, मंडलीय क्रीड़ा सचिव विश्वजीत पांडेय, जनपदीय क्रीड़ा सचिव लखनऊ अमित कुमार श्रीवास्तव, पूजा गुप्ता सहित अन्य लोग शामिल रहे।

अभिलेखीकरण कार्य में हिमांशु शुक्ला, लईक अहमद, प्रमेंद्र मिश्रा, सूरज त्रिपाठी, अंकुर पांडेय, मुक्ता बब्बर, नूपुर दुबे और नवप्रीत कौर ने सहयोग किया। प्रमाण पत्र लेखन में अशोक कुमार द्विवेदी और श्री गिरधारी लाल ने योगदान दिया। प्रतियोगिता के निर्णायक उत्तर प्रदेश कराटे एसोसिएशन द्वारा नामित सदस्य रहे।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. ज्योत्सना सिंह ने किया, जबकि तकनीकी सहयोग जसपाल सिंह ने प्रदान किया। अंत में सभी प्रतिभागियों और आयोजकों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया, जिसके साथ चार दिवसीय राज्य स्तरीय विद्यालयीय कराटे प्रतियोगिता-2026 के समापन की औपचारिक घोषणा की गई।

Tags