मण्डलीय कला उत्सव 2026 में लखनऊ मंडल को मिले 12 उत्कृष्ट कलाकार
कला और संस्कृति के संगम को जीवंत करता है कला उत्सव
“स्वयं को तलाशने और तराशने का मंच है कला उत्सव”- विष्णु कांत पाण्डेय
“कला स्वतंत्र है, उसे किसी अनिवार्यता की आवश्यकता नहीं”- डॉ. प्रदीप कुमार
“प्राकृतिक प्रतिभा को निखारने के लिए एक अवसर जरूरी”- डॉ. दिनेश कुमार
लखनऊ, 28 सितम्बर 2026। स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग, शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार की पहल के तहत माध्यमिक स्तर के विद्यार्थियों की कलात्मक प्रतिभा को पहचानने, उसे प्रोत्साहित करने और शिक्षा में कला को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सोमवार को पॉयनियर मॉन्टेसरी इंटर कॉलेज, एल्डिको ब्रांच में मण्डलीय कला उत्सव 2026 का आयोजन किया गया।
लखनऊ मंडल के उन्नाव, लखनऊ, रायबरेली, सीतापुर, लखीमपुर-खीरी और हरदोई जनपदों के चयनित 38 विद्यालयों के 123 विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग किया। इस वर्ष भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार कला उत्सव की विषयवस्तु “विकसित भारत-वर्ष 2047 के भारत की परिकल्पना” रखी गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अपर राज्य परियोजना निदेशक, समग्र शिक्षा (माध्यमिक) विष्णु कांत पाण्डेय उपस्थित रहे। कार्यक्रम के संयोजक एवं संयुक्त शिक्षा निदेशक, लखनऊ मंडल डॉ. प्रदीप कुमार ने स्मृति चिह्न भेंट कर उनका स्वागत किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अपर राज्य परियोजना निदेशक विष्णु कांत पाण्डेय, संयुक्त शिक्षा निदेशक डॉ. प्रदीप कुमार, मण्डलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार तथा पॉयनियर समूह के प्रबंधक बृजेन्द्र सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

प्रतिभा को तलाशने और तराशने का मंच है कला उत्सव
मुख्य अतिथि विष्णु कांत पाण्डेय ने प्रतिभागी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें “स्वयं को तलाशने और तराशने” के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ऐसे मंच विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मक प्रतिभा को सामने लाने और उसे विकसित करने का अवसर प्रदान करते हैं।
संयुक्त शिक्षा निदेशक डॉ. प्रदीप कुमार ने कहा कि कला स्वतंत्र होती है और उसे किसी अनिवार्यता की आवश्यकता नहीं होती। विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति के लिए अवसर और उचित मंच मिलना महत्वपूर्ण है।
मण्डलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार ने कहा कि कला एक प्राकृतिक प्रतिभा है, जिसे निखारने के लिए केवल एक अवसर की आवश्यकता होती है। उन्होंने बताया कि कला उत्सव विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ विभिन्न कला विधाओं से जुड़ने का अवसर देता है।

विभिन्न विधाओं में हुआ प्रतिभागियों का चयन
मण्डलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार के अनुसार, प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में डॉ. कुसुम लता गुप्ता, ज्योति गुप्ता, कुसुम वर्मा, पवन कुमार, राखी अग्रवाल, डॉ. शालिनी अग्रवाल, सरबजीत सिंह मारवाह, शुभी अग्रवाल, विकास अवस्थी, आशुतोष वर्धन और संजीव रॉय शामिल रहे।
कला उत्सव की मण्डलीय नोडल आकांक्षा पाठक के अनुसार विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त प्रतिभागी प्रदेश स्तरीय कला उत्सव प्रतियोगिता में लखनऊ मंडल का प्रतिनिधित्व करेंगे।
कला उत्सव 2026 के विजेता
संगीत गायन एकल—शास्त्रीय:
आरना त्रिपाठी, कक्षा 9, एसकेडी एकेडमी, गोमती नगर, लखनऊ।
संगीत गायन समूह—लोकगीत:
चंदन शुक्ला एवं आयुष मिश्रा, कक्षा 11, कृषक इंटर कॉलेज, महोली, सीतापुर।
संगीत वादन एकल—स्वर वाद्य, शास्त्रीय:
संकल्प मिश्र, कक्षा 9, सेंट फिडेलिस कॉलेज, लखनऊ।
संगीत वादन एकल—ताल वाद्य, शास्त्रीय:
कृष्णा पाण्डेय, कक्षा 11, राजकीय इंटर कॉलेज, हरदोई।
संगीत वादन समूह—शास्त्रीय:
आशुतोष मिश्रा, राज कटियार, रौनक अवस्थी, कक्षा 10 तथा राजन मिश्रा, कक्षा 11, कृषक इंटर कॉलेज, महोली, सीतापुर।
नृत्य एकल—शास्त्रीय:
खुशी रस्तोगी, कक्षा 12, वैदिक कन्या इंटर कॉलेज, लखनऊ।
नृत्य समूह—लोक:
लक्ष्मी, प्रिया, विशाली एवं खुशबू, कक्षा 10, राजकीय हाईस्कूल रोझइया, भीकमशाह, रायबरेली।
नाटक समूह—लघु नाटिका:
अमन कुमार, अमित, दीपक एवं ऋषभ यादव, कक्षा 12, राजकीय जुबिली इंटर कॉलेज, लखनऊ।
दृश्य कला एकल—द्विआयामी (चित्रकला):
ब्रमेश जॉय, कक्षा 12, राजकीय जुबिली इंटर कॉलेज, लखनऊ।
दृश्य कला एकल—त्रिआयामी (मूर्तिकला):
रानी राठौर, कक्षा 12, कृषक इंटर कॉलेज, महोली, सीतापुर।
दृश्य कला समूह—स्थानीय शिल्प:
चानशी एवं तमन्ना, कक्षा 11, राजकीय इंटर कॉलेज, लखीमपुर-खीरी।
पारंपरिक कहानी वाचन समूह:
कीर्ति त्रिपाठी एवं पलक्षी दुबे, कक्षा 12, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, विकास नगर, लखनऊ।
प्रतिभागियों को दिए गए प्रमाण पत्र
कार्यक्रम के समापन पर सभी विजयी प्रतिभागियों एवं टीमों को संयुक्त शिक्षा निदेशक डॉ. प्रदीप कुमार और मण्डलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार ने मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। वहीं सभी प्रतिभागियों को प्रतिभागिता प्रमाण पत्र दिए गए।
इस अवसर पर सह जिला विद्यालय निरीक्षक लखनऊ विनोद कुमार, पॉयनियर समूह के प्रबंधक बृजेन्द्र सिंह, पॉयनियर मॉन्टेसरी इंटर कॉलेज एल्डिको ब्रांच की प्रधानाचार्या शर्मिला सिंह, मण्डलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार सहित मंडल के विभिन्न राजकीय एवं सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं और अन्य संबंधित लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का वंदना तिवारी ने संचालन किया।
