लखनऊ सिविल डिफेंस के चार अधिकारियों की उपनियंत्रक पद पर पदोन्नति
उत्तर प्रदेश शासन के नागरिक सुरक्षा अनुभाग के कार्यालय आदेश के क्रम में राज्यपाल की स्वीकृति के बाद लखनऊ में कार्यरत सहायक उपनियंत्रक (वरिष्ठ वेतनमान) मनोज वर्मा सहित योगेश कुमार, ऋषि कुमार एवं ममता रानी को उपनियंत्रक, नागरिक सुरक्षा के पद पर पदोन्नति प्रदान की गई है। इस पद का वेतनमान 56,100-1,77,500 रुपये, पे मैट्रिक्स लेवल-10 निर्धारित है।
पदोन्नति के अवसर पर मनोज वर्मा ने अपनी इस उपलब्धि को अपने दिवंगत पुत्र मानव वर्मा को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि उनकी सेवा यात्रा में परिवार और सहयोगियों के साथ-साथ तमाम शुभचिंतकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
मनोज वर्मा का वर्ष 1999 में सहायक उपनियंत्रक के पद पर सिविल डिफेंस में चयन हुआ था। उन्होंने 1 जनवरी 2000 को कानपुर में अपनी सेवा शुरू की। वर्ष 2013 में उन्हें सहायक उपनियंत्रक (वरिष्ठ वेतनमान) के पद पर पदोन्नति मिली और उनका स्थानांतरण झांसी हुआ। झांसी में अपने कार्यों और सक्रिय भूमिका से उन्होंने सिविल डिफेंस की गतिविधियों को नई पहचान दिलाई।
कोविड-19 महामारी के दौरान झांसी सिविल डिफेंस की सक्रियता और जनसेवा के प्रयासों से विभाग की पहुंच घर-घर तक बनी। इसके बाद वर्ष 2021 में मनोज वर्मा का स्थानांतरण लखनऊ हुआ। यहां भी उन्होंने अपनी कार्यशैली, समर्पण और कड़ी मेहनत से सिविल डिफेंस की गतिविधियों को नया आयाम दिया। उनकी सेवाओं को देखते हुए वर्ष 2022 में आजादी की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर उन्हें राष्ट्रपति पदक से अलंकृत किया गया।
मनोज वर्मा समेत सभी पदोन्नत अधिकारियों को बधाई देने वालों में स्टाफ अफसर डीजी सुमित मौर्य, उपनियंत्रक रविन्द्र कुमार, चीफ वार्डेन अमरनाथ मिश्रा, डिप्टी चीफ वार्डेन गुरप्रीत सिंह सेठी, स्टाफ अफसर ऋतुराज रस्तोगी, डिविजनल वार्डेन सुनील शुक्ला, नफीस अहमद, आशीष कपूर, प्रवीण श्रीवास्तव, हरीश चंद्रा, डिप्टी डिविजनल वार्डेन जावेद जैदी, गुफरान, रामगोपाल सिंह, डॉ. पंकज वर्मा, स्टाफ अफसर कमलेश सिंह, रोहित अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में विभागीय अधिकारी एवं शुभचिंतक शामिल रहे। सभी ने पदोन्नत अधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं।
