लखनऊ: फन रिपब्लिक मॉल में आज से 'मैंगो फेस्टिवल' का आगाज, अल्फांजो और चौसा समेत दिखेंगी आम की 30 खास वैरायटी
लखनऊ, 29 मई 2026:नवाबों के शहर लखनऊ के प्रसिद्ध शॉपिंग डेस्टिनेशन फन रिपब्लिक मॉल में इस चिलचिलाती गर्मी के बीच आम प्रेमियों के लिए एक बेहद स्वादिष्ट और राहत भरी खबर है। मॉल में आज (29 मई) से तीन दिवसीय भव्य 'मैंगो फेस्टिवल' की शुरुआत होने जा रही है, जो 31 मई तक लखनऊवासियों को फलों के राजा के विभिन्न स्वादों से सराबोर करेगा। इस अनूठे फेस्टिवल का उद्घाटन मशहूर शेफ नंदिनी मोतियानी द्वारा किया जाएगा।
मॉल प्रशासन ने इस बार इस फेस्ट को बेहद खास बनाने के लिए "आम का सीजन, फन का रीजन" की थीम तैयार की है, जहाँ मनोरंजन के साथ-साथ जायके का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।
देश के कोने-कोने से आईं आम की 30 दुर्लभ प्रजातियां
इस तीन दिवसीय मैंगो फेस्ट की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यहाँ देश के अलग-अलग राज्यों से आम की 30 से अधिक चुनिंदा किस्में मंगवाई गई हैं। खास बात यह है कि लोग इन आमों को न सिर्फ देख सकेंगे, बल्कि अपनी पसंद के अनुसार खरीद भी सकेंगे। मेले के मुख्य आकर्षणों में शामिल हैं:
-
प्रीमियम वैरायटी: अल्फांजो, केसर, मल्लिका और बंगनपल्ली।
-
सदाबहार वैरायटी: चौसा, लंगड़ा, दशहरी, और सफेदा।
-
अनोखा स्वाद: तोतापुरी, सिंधुरा, राम केला और थूरू जैसी कई अन्य किस्में।
बच्चों और महिलाओं के लिए होंगी मजेदार प्रतियोगिताएं
मॉल में आने वाले ग्राहकों के मनोरंजन और उत्साह को दोगुना करने के लिए फेस्टिवल के दौरान कई तरह की प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जा रहा है:
-
30 मई (किड्स फैंसी ड्रेस): बच्चों के लिए एक आकर्षक फैंसी ड्रेस कंपटीशन रखा गया है।
-
31 मई (वूमेन कोल्ड कुकिंग): फेस्टिवल के आखिरी दिन महिलाओं के लिए 'कोल्ड कुकिंग कंपटीशन' होगा, जिसमें प्रतिभागी बिना गैस जलाए आम के इस्तेमाल से अलग-अलग प्रकार के लजीज और रिफ्रेशिंग व्यंजन तैयार करेंगी।
"लखनऊवासियों को गर्मी में मिलेगा ठंडक का अहसास" — विकल्प सक्सेना
फन रिपब्लिक मॉल के जनरल मैनेजर विकल्प सक्सेना ने इस आयोजन के विजन को साझा करते हुए कहा इस भीषण गर्मी में फलों का राजा आम लखनऊ के लोगों को एक खुशनुमा और ताज़गी भरा अहसास कराएगा। हमारा प्रयास रहा है कि हम देश के कोने-कोने से आम की सबसे बेहतरीन और अलग-अलग प्रजातियों को एक ही छत के नीचे लेकर आएं, ताकि हमारे ग्राहकों को कुछ नया देखने और चखने को मिले। 30 तरह के आमों की यह रेंज हर उम्र के विजिटर्स के लिए एक बेहतरीन अनुभव साबित होगी।" अगर आप भी आम के शौकीन हैं और गर्मी के इस वीकेंड को मजेदार बनाना चाहते हैं, तो 29 से 31 मई के बीच गोमती नगर स्थित फन रिपब्लिक मॉल का रुख कर सकते हैं।

