Lucknow Power Crisis: लखनऊ के बुद्धेश्वर में बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही; मार्च से खराब केबल नहीं हुई ठीक, रात भर 'रतजगा' करने को मजबूर हजारों जनता
लखनऊ (19 जून 2026):
एक तरफ उत्तर प्रदेश सरकार रिकॉर्ड बिजली उत्पादन का दावा कर रही है और दूसरे राज्यों को बिजली आपूर्ति की बात कही जा रही है, वहीं दूसरी तरफ सूबे की राजधानी और 'स्मार्ट सिटी' लखनऊ का एक बड़ा इलाका पिछले कई महीनों से घोर बिजली संकट से जूझ रहा है। बुद्धेश्वर क्षेत्र के आदर्श विहार, भूहर और इसके आस-पास के हजारों निवासी इस भीषण गर्मी में मार्च के महीने से ही बिजली की भारी किल्लत झेलने को मजबूर हैं।
हालात इतने बदतर हो चुके हैं कि रात में बिजली कटने के बाद अगले दिन सुबह दस बजे तक आपूर्ति बहाल नहीं हो पाती। नतीजतन, स्थानीय लोग रात भर जागकर समय काट रहे हैं और सुबह होते ही उन्हें पानी के भीषण संकट का भी सामना करना पड़ रहा है।
करोड़ों का पावर हाउस बेकार; अधिकारियों की लापरवाही से जनता बेहाल
क्षेत्रीय लोगों के अनुसार, यह समस्या प्राकृतिक फॉल्ट से ज्यादा बिजली विभाग के अधिकारियों और एसडीओ (SDO) की घोर लापरवाही का नतीजा है। विभागीय सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक:
-
आदर्श विहार फीडर में कुल दो मुख्य केबल हैं और वर्तमान में ये दोनों ही खराब पड़ी हैं।
-
एक कर्मचारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि एक केबल को कभी रिपेयर ही नहीं किया गया, जबकि दूसरी केबल मार्च के महीने से ही फॉल्ट में है।
आमतौर पर अन्य उप-केंद्रों में यदि एक केबल खराब होती है, तो दूसरी केबल से तुरंत बिजली सप्लाई डाइवर्ट कर दी जाती है। सरकार ने क्षेत्र की जनता की सुविधा के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर नया पावर हाउस तो बनवा दिया, लेकिन अधिकारियों की निकम्मेपन के कारण ढाक के तीन पात वाली स्थिति बनी हुई है।
व्हाट्सएप ग्रुप पर 'झूठे' आश्वासन देकर फोन बंद कर लेते हैं SDO
त्रस्त उपभोक्ताओं का आरोप है कि बिजली की सूचनाओं के लिए 'एफसीआई विद्युत सूचना ग्रुप' नाम से एक आधिकारिक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया गया है। बिजली कटने पर जब लोग पैनिक करते हैं, तो एसडीओ साहब उस ग्रुप पर बिजली आने का कोई भी काल्पनिक समय डाल देते हैं और उसके तुरंत बाद अपना फोन बंद कर लेते हैं। जनता पूरी रात उनके बताए समय के इंतजार में जागकर काट देती है, लेकिन बिजली नहीं आती।
अधिकारी वसूली में व्यस्त, कर्मचारी बने दलाल: वायरल वीडियो से खुली पोल
यह वही बुद्धेश्वर क्षेत्र है, जहां कुछ दिनों पहले ही बिजली विभाग के कर्मचारियों का सरेआम घूस मांगते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर जबरदस्त वायरल हुआ था। विभाग के ही अंदरूनी सूत्रों का कहना है कि उच्च अधिकारी संविदाकर्मियों पर अवैध वसूली और पैसों का दबाव बनाते हैं।
जब अधिकारी पैसा कमाने और टारगेट पूरा करने में व्यस्त हैं, तो निचले स्तर के कर्मचारी दलाली में जुट गए हैं। इस भ्रष्टाचार और लापरवाही के कॉकटेल ने आम जनता का जीना मुहाल कर दिया है, जिससे न केवल विभाग की साख गिर रही है बल्कि जनता में सरकार के प्रति भी भारी आक्रोश पनप रहा है।
