लखनऊ विश्वविद्यालय में मनाया गया वन महोत्सव सप्ताह, 200 से अधिक पौधों का हुआ रोपण
Forest Festival week celebrated in Lucknow University, more than 200 plants were planted
Tue, 8 Jul 2025
लखनऊ। वन महोत्सव सप्ताह (1–7 जुलाई 2025) के उपलक्ष्य में लखनऊ विश्वविद्यालय में व्यापक पौधरोपण अभियान का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कुलपति प्रो. आलोक कुमार राय के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ, जिसमें विश्वविद्यालय के दोनों परिसरों में शिक्षकों, छात्रों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
भूमि एवं उद्यान विभाग के अधीक्षक प्रो. एस.एन. पांडेय के नेतृत्व में वन महोत्सव के अंतर्गत विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित किए गए। दिनांक 07 जुलाई 2025 को प्रतिकुलपति प्रो. मनुका खन्ना, अधिष्ठाता (अकादमिक) प्रो. गीतांजलि मिश्रा, अधिष्ठाता (कृषि संकाय) प्रो. गौरी सक्सेना तथा अधिष्ठाता (छात्र कल्याण) प्रो. वी.के. शर्मा ने संयुक्त रूप से वृहद पौधरोपण कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के दोनों परिसरों में विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों द्वारा आम, अमरूद, आंवला, नींबू, अमलतास, टिकोमा, सावनी गुलमोहर, जेट्रोफा, एरेका पाम और क्रोटन जैसे पौधों का रोपण किया गया। अब तक कुल 200 से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं और मानसून के दौरान यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
यह आयोजन पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने की दिशा में विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। वन महोत्सव सप्ताह के तहत हुए इस सामूहिक प्रयास से परिसर की जैव विविधता में वृद्धि होने के साथ-साथ छात्रों में पर्यावरणीय चेतना भी विकसित हुई है।
