इंडियाज़ बेस्ट टीचर अवार्ड 2026 की फाइनलिस्ट सूची में लखनऊ की प्रवक्ता दीप्ति विश्वकर्मा

Lucknow lecturer Deepti Vishwakarma in the finalist list for the India’s Best Teacher Award 2026.
 
sbbsbs
लखनऊ। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए दिए जाने वाले प्रतिष्ठित इंडियाज़ बेस्ट टीचर अवार्ड 2026 की फाइनलिस्ट सूची में लखनऊ की जीव विज्ञान प्रवक्ता दीप्ति विश्वकर्मा ने जगह बनाकर शहर का गौरव बढ़ाया है। पूरे भारत से चयनित 80 फाइनलिस्ट शिक्षकों में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, सरोसा भरोसा, लखनऊ की प्रवक्ता दीप्ति विश्वकर्मा का चयन हुआ है।
शिव नादर फाउंडेशन और सैड बिजनेस स्कूल, ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के संयुक्त सहयोग से माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक-शिक्षिकाओं के लिए इस पुरस्कार हेतु ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए थे। आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई थी।

संयुक्त शिक्षा निदेशक, लखनऊ मंडल कार्यालय के मंडलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि लखनऊ मंडल के माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत पात्र शिक्षकों से अधिक से अधिक आवेदन कराने के निर्देश दिए गए थे। इसी प्रक्रिया के तहत पूरे देश से 80 शिक्षकों को फाइनलिस्ट के रूप में चुना गया है, जिसमें लखनऊ की दीप्ति विश्वकर्मा भी शामिल हैं।


अवार्ड का उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले उत्कृष्ट शिक्षकों की पहचान कर उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित करना है। इसके लिए कक्षा शिक्षण में उत्कृष्टता, शिक्षण पद्धतियों में नवाचार, विद्यार्थियों पर सकारात्मक एवं मापने योग्य प्रभाव तथा विद्यालय और समुदाय में नेतृत्व क्षमता जैसे मानकों को प्रमुखता दी गई है।


फाइनलिस्ट के रूप में चयनित होने के बाद दीप्ति विश्वकर्मा अब 4 सितंबर 2026 को शिव नादर इंस्टीट्यूशन ऑफ एमिनेंस, दिल्ली-एनसीआर में होने वाले अंतिम प्रस्तुतिकरण की तैयारी में जुटी हैं। अंतिम रूप से चयनित शिक्षकों को 5 सितंबर, शिक्षक दिवस के अवसर पर शिव नादर फाउंडेशन एवं सैड बिजनेस स्कूल, ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के संयुक्त तत्वावधान में इंडियाज़ बेस्ट टीचर्स अवार्ड 2026 से सम्मानित किया जाएगा।
लखनऊ की दीप्ति विश्वकर्मा का राष्ट्रीय स्तर की फाइनलिस्ट सूची में चयन जिले के शिक्षा जगत के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

Tags