लखनऊ के अशिष शुक्ला ने ब्रिटेन के स्थानीय चुनाव में जीत दर्ज की
लखनऊ (अर्जुनगंज) निवासी अशिष शुक्ला ने यूनाइटेड किंगडम के 2026 स्थानीय चुनावों में साउथबरो एवं बिडबरो क्षेत्र से लिबरल डेमोक्रेट्स पार्टी के प्रत्याशी के रूप में जीत हासिल की है। यह उपलब्धि भारतीय समुदाय के लिए गर्व का विषय मानी जा रही है।
चुनाव परिणाम की आधिकारिक घोषणा के अनुसार, अशिष शुक्ला को साउथबरो एवं बिडबरो क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने के लिए निर्वाचित किया गया है। घोषणा में कहा गया कि वे स्थानीय नागरिकों की सेवा करने और उनकी आवाज़ को टाउन हॉल तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे।
अशिष शुक्ला पिछले लगभग दो दशकों से ब्रिटेन में टेक्नोलॉजी, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और यूटिलिटी सेक्टर में वरिष्ठ पदों पर कार्यरत हैं। वर्तमान में वे दक्षिण-पश्चिम ब्रिटेन में एक वरिष्ठ टेक्नोलॉजी एवं यूटिलिटी प्रोफेशनल के रूप में कार्य कर रहे हैं।
वे अपने व्यावसायिक जीवन के साथ-साथ उत्तर प्रदेश, विशेषकर लखनऊ और अयोध्या से भी जुड़े हुए हैं। वे वर्ष में कई बार भारत आकर अपने सामाजिक एवं विकासात्मक प्रोजेक्ट्स की प्रगति का निरीक्षण करते हैं।अशिष शुक्ला अपनी पत्नी सलोनी शुक्ला के साथ मिलकर ब्रिटेन में टेक्नोलॉजी और AI आधारित कंपनियों का संचालन भी करते हैं। साथ ही वे उत्तर प्रदेश में निवेश और विकास परियोजनाओं से जुड़े हुए हैं।
उनकी प्रमुख पहल “EKAM” परियोजना के अंतर्गत अयोध्या में लगभग 35 एकड़ में सांस्कृतिक, शिक्षा और नवाचार केंद्र विकसित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य शिक्षा, संस्कृति, तकनीक और सतत विकास को जोड़ना है।इसके अलावा वे Invest UP और अन्य हितधारकों के साथ मिलकर अयोध्या क्षेत्र में रोजगार, निवेश और नवाचार आधारित विकास को बढ़ावा देने पर भी कार्य कर रहे हैं।
अपनी जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए अशिष शुक्ला ने कहा कि यह उपलब्धि केवल व्यक्तिगत नहीं बल्कि वैश्विक स्तर पर भारतीय मूल के लोगों के बढ़ते योगदान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि वे ब्रिटेन में स्थानीय समुदाय की सेवा के साथ-साथ भारत से अपने जुड़ाव को भी बनाए रखेंगे।भारत और ब्रिटेन दोनों स्थानों से उन्हें शुभकामनाएँ और बधाइयाँ प्राप्त हो रही हैं।
