45वीं नॉर्थ जोन शॉटगन शूटिंग प्रतियोगिता में लखनऊ के गर्वित पाण्डेय का जलवा, दो स्वर्ण पदक जीते; विक्रम राय ने रजत पर साधा निशाना
लखनऊ: जयपुर में आयोजित 45वीं नॉर्थ जोन शॉटगन शूटिंग प्रतियोगिता में लखनऊ के निशानेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश का मान बढ़ाया है। प्रतियोगिता की ट्रैप स्पर्धा में लखनऊ के गर्वित पाण्डेय ने जूनियर और सीनियर कैटेगरी में दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए। वहीं मास्टर कैटेगरी में विक्रम राय ने रजत पदक हासिल किया।
प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाले दोनों निशानेबाजों ने आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है। इसके अलावा लखनऊ के ट्रैप शूटर अमित अग्रवाल ने निर्धारित क्वालीफाइंग स्कोर हासिल कर नेशनल प्रतियोगिता में अपनी जगह पक्की कर ली है।
10 राज्यों के 350 से अधिक निशानेबाजों ने लिया हिस्सा
जयपुर के जगतपुरा शूटिंग रेंज में 2 से 7 सितंबर तक आयोजित हो रही इस प्रतियोगिता में नॉर्थ जोन के 10 राज्यों के 350 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। ट्रैप शूटिंग स्पर्धा में खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।
लखनऊ से प्रतियोगिता में विक्रम राय, अमित अग्रवाल, यशराज सिंह, यशार्थ विनोद मिश्रा, रुद्रांश विनायक यादव, अजलान असगर, अकबर नकवी सहित कई निशानेबाजों ने प्रतिभाग किया और अपनी-अपनी कैटेगरी में शानदार प्रदर्शन किया।
गर्वित ने दो वर्गों में जीते गोल्ड मेडल
लखनऊ के युवा निशानेबाज गर्वित पाण्डेय ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए ट्रैप स्पर्धा की जूनियर और सीनियर कैटेगरी में प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़ते हुए दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए।
वहीं मास्टर कैटेगरी में विक्रम राय ने बेहतरीन निशानेबाजी का प्रदर्शन किया। उन्होंने दिल्ली के खिलाड़ी को पीछे छोड़ते हुए रजत पदक पर कब्जा जमाया।
नेशनल प्रतियोगिता की तैयारी में जुटे खिलाड़ी
गर्वित पाण्डेय और विक्रम राय के अलावा अमित अग्रवाल ने भी नेशनल के लिए क्वालीफाई कर लखनऊ की उपलब्धियों में एक और अध्याय जोड़ा है। ये सभी खिलाड़ी अवध राइफल शूटिंग एकेडमी, लखनऊ में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
नॉर्थ जोन प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के बाद अब खिलाड़ी दिसंबर 2026 में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता की तैयारियों में जुट गए हैं। खिलाड़ियों को उम्मीद है कि राष्ट्रीय स्तर पर भी वे अपने प्रदर्शन को जारी रखते हुए लखनऊ और उत्तर प्रदेश के लिए पदक जीतने में सफल होंगे।
